जातियों में बंटे लोगों को एक करने निकलेगा संघ, CM योगी बोले- सनातनियों को एकजुट करने में RSS का विशेष योगदान
सीएम योगी ने कहा कि प्रयागराज में महाकुंभ का सफल आयोजन और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हर सनातनी के लिए गर्व का विषय है। अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने संघ की उसके सामाजिक कार्यों के लिए जमकर प्रशंसा की। कहा- जातियों में बंट रहे सनातनियों को एक करने में संघ ने विशेष योगदान दिया है।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष पर शहर से गांव तक कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आरएसएस की 100 वर्ष की यात्रा की जानकारी दी जाएगी। स्वयंसेवक घर-घर जाकर जातियों में बंटे लोगों को एक करने का काम करेंगे और अनेकता में एकता का संदेश देंगे।
गाजियाबाद में बुधवार को आरएसएस की स्थापना के शताब्दी वर्ष की तैयारियों को लेकर पश्चिमी और ब्रज क्षेत्र के 32 संगठनों की समन्वय बैठक हुई। बैठक में शामिल सीएम योगी आदित्यनाथ ने संघ के कार्यों को अभूतपूर्व बताया। कहा-हाल में हुए महाकुंभ में करोड़ों लोगों ने स्नान किया और इस आयोजन को सफल बनाने में संघ का विशेष योगदान रहा।
.jpg)
विजयादशमी से शुरू हो रहा संघ का शताब्दी वर्ष
बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र शर्मा ने कहा कि अक्टूबर में विजयादशमी से संघ का शताब्दी वर्ष शुरू हो रहा है। विजयादशमी को स्वयंसेवक गणवेश धारण करेंगे और प्रत्येक न्याय पंचायत, मंडल स्तर पर कार्यक्रम होंगे। दूसरा कार्यक्रम नवंबर से जनवरी तक होगा।
घर-घर जाकर होगा संपर्क
इस दौरान जिले और प्रांत के लोगों से घर-घर जाकर संपर्क किया जाएगा और सनातन के विचारों से संबंधित साहित्य मुहैया कराया जाएगा। तीसरा कार्यक्रम हिंदू सम्मेलन का होगा। इसमें महिलाएं और बच्चों को भी शामिल किया जाएगा। चौथे कार्यक्रम में जिला स्तर पर बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों की गोष्ठी होगी। पांचवां कार्यक्रम ब्लाक स्तर पर सामाजिक सद्भाव की बैठक के तौर पर होगा।
छठा कार्यक्रम अधिकतम स्थानों पर एक सप्ताह के लिए शाखा लगाने का होगा। सातवां कार्यक्रम प्रांत स्तर पर युवाओं के लिए आयोजित होगा। ये कार्यक्रम विश्वविद्यालयों में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा-भले ही हमारे संगठन अलग-अलग नाम से हैं, लेकिन विचार एक हैं। बैठक में आरएसएस से जुड़े सेवा भारती, संस्कार भारती, विहिप सहित 32 संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
सनातनियों को एकजुट करने में संघ का विशेष योगदान: योगी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष की तैयारियों को लेकर आयोजित समन्वय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा, महाकुंभ के दिव्य व भव्य आयोजन और प्रदेश में कानून के राज पर अपनी बात रखी।

महाकुंभ में बिना भेदभाव के करोड़ों लोगों ने किया स्नान: सीएम योगी
बैठक में पश्चिमी और ब्रज क्षेत्र के 32 समवैचारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद में योगी ने कहा, "महाकुंभ में बिना किसी भेदभाव के करोड़ों लोगों ने स्नान किया। 72 देशों के राजदूत और 12 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी प्रयागराज पहुंचे। दुनिया अब सनातन का वैभव देख रही है। यह सब प्रदेश की बेहतर कानून व्यवस्था के चलते ही संभव हो सका है।"
उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश पहले बीमारु प्रदेश के रूप में पहचाना जाता था, लेकिन अब एक स्वावलंबी प्रदेश बन गया है। हाल ही में महाकुंभ का सफल आयोजन भी उत्तर प्रदेश में हुआ है। इससे आर्थिक रूप से मजबूती मिली है। बड़ी संख्या में लोगों को महाकुंभ में रोजगार भी मिला। महाकुंभ जैसे विश्वव्यापी आयोजन को सफलतापूर्ण तरीके से संपन्न कराने में आरएसएस का भी सहयोग रहा है।"
योगी ने संघ द्वारा अब तक किए गए महत्वपूर्ण कार्यों को अभूतपूर्व बताया। सूत्रों की मानें तो बैठक में भाजपा के अगले प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर भी मंथन किया गया। इसमें सपा की पीडीए की रणनीति की काट में अगले प्रदेश अध्यक्ष को ओबीसी अथवा अनुसूचित वर्ग से बनाए जाने को लेकर गहनता से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
सूत्रों का दावा है कि लोनी से विधायक नंद किशोर गुर्जर के मुद्दे पर भी बैठक में चर्चा हुई। बीते दिनों भाजपा विधायक लखनऊ भी गए थे। उन्होंने दावा किया था कि राज्य के कई भाजपा विधायक नाराज हैं।
वहीं, बैठक में लघु उद्योग भारती संगठन के पदाधिकारियों ने नगर निगम द्वारा औद्योगिक इकाइयों से वसूले जाने वाले टैक्स को लेकर विरोध जताया। सीमा जागरण संगठन ने प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में अवैध गतिविधियों को लेकर चिंता जाहिर की।
बैठक में मतांतरण और लव जिहाद पर सख्ती से रोक लगाने को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा के उप्र अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, पश्चिमी उप्र के भाजपा अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया भी मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।