किशोरी को अकेला पाकर घर में घुसा साथी छात्र, दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाया; रात में पीड़िता ने की आत्महत्या
मसूरी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली एक किशोरी ने रविवार की देर रात दुष्कर्म से आहत होकर फांसी लगाकर जान दे दी। स्वजन ने सहपाठी आरोपित किशोर ...और पढ़ें

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। मसूरी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली एक किशोरी ने रविवार की देर रात दुष्कर्म से आहत होकर फांसी लगाकर जान दे दी। स्वजन ने सहपाठी आरोपित किशोर पर किशोरी के अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। मौके से स्वजन को आपत्तिजनक वस्तु मिली हैं।
पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ किशोरी का पोस्टमार्टम किया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पिता बाहर, मां बेटे के साथ थी अस्पताल में
मसूरी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी के रहने वाले व्यक्ति सेना में नौकरी करते हैं और उनकी तैनाती राजस्थान में है। उनकी 14 साल की बेटी एक स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा है। बेटा बीमारी से ग्रसित होने के कारण दिल्ली के एक अस्पताल में एक माह से भर्ती है, इसके चलते पत्नी बेटे के साथ अस्पताल में रुकी हुई हैं। घर पर 14 साल की बेटी अपने दादा के साथ रहती है।
दादा निकल गए थे कहीं बाहर
पीड़ित दादा का कहना है कि वह रविवार को कुछ देर के लिए धोलाना स्थित गांव गए थे। उस समय पोती घर पर अकेली थी। इस दौरान मसूरी का रहने वाला एक किशोर जो पोती का सहपाठी है, घर में घुस आया और पोती के साथ दुष्कर्म किया। शाम के समय वह घर पहुंचे तो 10 से 12 लोग घर पर मौजूद थे। वह किशोर को तलाशते हुए उनके घर आए थे।
उन्होंने किशोर को मकान के कमरों में खोजा लेकिन वह नहीं मिला। बाद में उसकी तलाश में छत पर गए तो दरवाजा बाहर से बंद था। पड़ोस से सीढ़ी लगाकर छत पर गए तो वहां किशोर छिपा हुआ था। स्वजन किशोर को वहां से लेकर चले गए। दादा रात में नीचे सो गए जबकि किशोरी ऊपर के कमरे में सोई हुई थी।
देर रात किशोरी ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। देर रात तेज हवा चलने से ऊपर के गेट आवाज करने लगे तो दादा ने ऊपर जाकर देखा तो किशोरी फंदे से लटकी मिली। इसके बाद स्वजन व पुलिस को सूचना दी गई। स्वजन ने मकान में पहुंचकर तलाशी ली तो कमरे में बेड के नीचे व छत से आपत्तिजनक वस्तु मिली। इससे पता चला कि किशोरी के साथ आरोपित ने दुष्कर्म किया है।
पीड़ित का कहना है कि आरोपित ने उनकी पोती के साथ दुष्कर्म किया। इससे आहत होकर उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
एसीपी मसूरी निमिष पाटिल का कहना है कि तहरीर के आधार पर दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट व आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर, आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है। आरोपित को बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।