आतंकवाद पर अतुल गर्ग का बड़ा बयान, बोले- दुश्मनों के घर में घुसकर वार करता है नया भारत
गाजियाबाद में भाजपा महानगर कार्यालय पर मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर प्रदर्शनी लगाई गई। गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि अब नया भारत आतंकवादियों को घर में घुसकर मारता है। केंद्र सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला और करोड़ों जनधन खाते खोले।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 साल के कार्यकाल में देश ने हर क्षेत्र में तरक्की की है और आत्मनिर्भर भारत होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आतंकवाद को भी अब करारा जवाब दिया जाता है। नया भारत आतंकवाद के खिलाफ अब घर में घुसकर वार करता है। यह बातें सांसद अतुल गर्ग ने बुधवार को भाजपा के महानगर कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
55 कराेड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए- अतुल गर्ग
उन्होंने बताया कि मोदी सरकार की प्रत्येक नीति में जनकल्याण है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। 55 कराेड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए हैं। 44 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंकखाते में जमा की गई है। भारत विश्व की डिजिटल शक्ति है, देश में इंटरनेट मीडिया यूजर की संख्या 97 करोड़ हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में मजबूत होने के लिए अब देश में ही हथियार बनाए जा रहे हैं, इनको पाकिस्तान के ऊपर टेस्ट भी किया जाता है। आपरेशन सिंदूर इसका उदाहरण है। इस दौरान केंद्र सरकार के 11 साल के कार्यकाल पूरे होने पर भाजपा कार्यालय में एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें 11 साल की उपलब्धियों को बताया गया है, इसके साथ ही विपक्ष पर सवाल भी खड़े किए गए हैं।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि मोदी सरकार ने शहरी जीवन को गरिमामयी बनाया है। चार करोड़ आवास बनाकर दिए गए, 15 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया गया और 12 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए गए हैं। स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ा भारत एक स्वच्छ, सुंदर और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर रहा है। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह , महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, एमएलसी दिनेश गोयल उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।