Ghaziabad News: आंख मूंदे क्यों बैठे हैं अधिकारी? लोग रोज हो रहे हैं घायल; सामने आई ये बड़ी लापरवाही
मोदीनगर में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण लोग परेशान हैं। सड़क की छिलाई के पांच दिन बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। सड़क पर फैली रोडी से वाहन फिसल रहे हैं और लोग घायल हो रहे हैं। पिछले पांच दिन में आठ से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। अधिकारी इस मामले में अनदेखी कर रहे हैं।

जागरण संवाददाता, मोदीनगर (गाजियाबाद)। अधिकारियों की लापरवाही से मोदीनगर की जनता परेशान है। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य में चल रही लापरवाही लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क की छिलाई करने के पांच दिन बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।
हालत है कि सड़क पर रोडी फैली है, जिस पर वाहन फिसलने से चालक घायल हो रहे हैं। पिछले पांच दिन में आठ से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर मोदीनगर में इन दिनों सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। लेकिन निर्माण कार्य की अनियमित्ता से शहरवासी परेशान हैं।
बताया गया कि सड़क बनाने के लिए पांच दिन पहले गोविंदपुरी में नाले से लेकर तहसील के बीच सड़क पर छिलाई की गई। लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। अब हालत है कि सड़क पर फैली रोडी से वाहन फिसल रहे हैं। वाहनों के ब्रेक नहीं लगते और सामने खड़े वाहन से भिड़ंत हो जाती है। यह समस्या पिछले पांच दिन से लोग झेल रहे हैं। दोपहिया वाहन तो चलाना मुश्किल हो गया है।
गोविंदपुरी के अभिषेक भी बाइक से सामान लेने जा रहे थे। इस बीच रोडी पर बाइक फिसल गई। उनके घुटने में चोट आई। डा. एसके आर्य का भी दोपहिया वाहन फिसल गया, जिससे उनके पैर में चोट आई। बुधवार सुबह तहसील के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली ने ब्रेक लगाए। पीछे से ई-रिक्शा ने भी ब्रेक लगाए। लेकिन ई-रिक्शा के पहिये रोडी पर फिसल गए और ई-रिक्शा ट्रॉली में पीछे से टकरा गई। इसी तरह रोजाना यहां आए हादसे रहे हैं और अधिकारी सब कुछ देखते हुए भी अनदेखी में लगे हैं।
एसडीएम का कहना है कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात की जाएगी। किसी सूरत में निर्माण कार्यों में अनियमित्ता बर्दाश्त नहीं होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।