गाजियाबाद के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रातोंरात कुछ हुआ ऐसा, परेशान होकर कई परिवार भागे दिल्ली
टीला मोड़ स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रात भर बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी हुई। गर्मी से परेशान होकर कई परिवार रात में ही दिल्ली चले गए। निवासियों ने विद्युत निगम के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उन्हें केवल झूठे आश्वासन मिले। यह पहली बार नहीं है जब बिजली गुल रही जिससे लोगों में निराशा है।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। गाजियाबाद के टीला मोड़ स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रात भर बिजली नहीं रही। गर्मी से परेशान कई लोग रात में ही परिजनों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वहीं, लोग रात भर विद्युत निगम के अधिकारियों से आपूर्ति सामान्य करने की गुहार लगाते रहे, लेकिन अधिकारी झूठ बोलकर जल्द बिजली आने का आश्वासन देते रहे।
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रात करीब 11:20 बजे बिजली गुल हो गई। लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों को फोन किया तो उन्होंने 33 केवी लाइन में फाल्ट और अन्य कारण बताए। लोगों ने कॉलोनी के व्हाट्सएप ग्रुप में विद्युत निगम के उपखंड अधिकारी, जेई और लाइनमैन को भी जोड़ा हुआ है।
लोग उनसे लगातार पूछते रहे कि बिजली कब आएगी। एसडीओ ने लोगों की शिकायत पर एक बार जवाब दिया और लाइनमैन से फाल्ट ठीक कर आपूर्ति सामान्य करने को भी कहा। इसके बाद भी स्थिति जस की तस रही। लोगों के बार-बार पूछने पर अधिकारियों ने जवाब देना बंद कर दिया।
इसके बाद लोगों ने कहा कि अगर बिजली नहीं है तो हम दिल्लीवासी घर चले जाएं। कॉलोनी के मोहित ने बताया कि रात एक बजे तक बिजली नहीं आई तो गर्मी के कारण दिल्ली चले गए। छोटे बच्चों को ज्यादा परेशानी हो रही थी। उन्होंने बताया कि मेरे अलावा कई लोग अपने बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता के साथ रात में ही दिल्ली चले गए थे।
पहली बार नहीं कटी बिजली
लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है कि रात भर बिजली गुल रही हो। हमें हर दिन इस समस्या से जूझना पड़ता है। कई बार लोगों को अपने वाहनों में ही सोना पड़ता है। बिजली निगम के अधिकारी बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं कर रहे हैं।
इंद्रप्रस्थ में बिजली कटने पर रात में ही कर्मचारी जुट गए, लेकिन आपूर्ति सामान्य होने में समय लगा। लोगों को निर्बाध बिजली मिले, इसके लिए सभी को सख्त निर्देश हैं।
-दीपक अग्रवाल, मुख्य अभियंता, बिजली निगम जोन-3।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।