गाजियाबाद में यमुना में बाढ़ के कारण ट्रेन सेवाएं बाधित, कई ट्रेनें रद्द और कई के रूट बदले
यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर से गाजियाबाद में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है जिससे ट्रेन संचालन बाधित हुआ है। दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और कुछ के मार्ग बदल दिए गए हैं। यात्री घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हुई है।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर से जहां एनसीआर में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, वहीं ट्रेन संचालन बाधित होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को हजारों लोगों को दिल्ली आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
साथ ही कोई दो घंटे तो कोई चार घंटे देरी से अपनी ड्यूटी पर पहुंचा। गाजियाबाद से ट्रेन से रोजाना दिल्ली जाने वाले लोग ईएमयू लेकर मुरादाबाद से गाजियाबाद होते हुए दिल्ली जाने वाली ट्रेनों का इंतजार करते रहे। विजय नगर निवासी सुदीप ने बताया कि ईएमयू दो घंटे बाद आई और रूट बदलने के कारण उन्होंने बाकी का सफर ऑटो से पूरा किया।
पुरानी दिल्ली की ओर जाने वाली 30 ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है। सभी ट्रेनें गाजियाबाद से नई दिल्ली होते हुए पुरानी दिल्ली पहुंच रही हैं। इस बदलाव के कारण पुरानी दिल्ली और उसके आसपास काम करने वाले यात्रियों को न केवल अधिक समय लग रहा है, बल्कि ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंच रही हैं।
दरअसल, गाजियाबाद से रोजाना हजारों यात्री पुरानी दिल्ली जाते हैं। ज्यादातर लोग दिल्ली अलीगढ़ ईएमयू, हाथरस ईएमयू, दनकौर ईएमयू, मेरठ ईएमयू, सहारनपुर ईएमयू, खुर्जा ईएमयू से सफर करते हैं। लेकिन बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ का खतरा दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है।
गाजियाबाद स्टेशन पर कई ट्रेनों के आगमन का समय बदल गया है। जहाँ पहले यात्रियों को समय पर ट्रेनें मिल जाती थीं, वहीं अब उन्हें देरी से आने वाली ट्रेनों के इंतज़ार में प्लेटफार्म पर खड़े रहना पड़ रहा है। रूट बदलने से दिनचर्या पर बुरा असर पड़ रहा है। कई यात्रियों को ट्रेनें लेट होने पर ऑटो और कैब का सहारा लेना पड़ा। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक मोनेंद्र चौधरी ने बताया कि पीछे से सूचना मिलने पर ट्रेनों का रूट बदला जा रहा है।
ये ट्रेनें रद्द
54057 पुरानी दिल्ली से शामली पैसेंजर, 54058 शामली-पुरानी दिल्ली पैसेंजर, 64445 गाजियाबाद-दिल्ली जंक्शन ईएमयू, 64412 दिल्ली-गाजियाबाद ईएमयू, 64407 गाजियाबाद-दिल्ली जंक्शन ईएमयू, 64412 दिल्ली जंक्शन-गाजियाबाद ईएमयू, 74023 दिल्ली जंक्शन-शामली डीएमयू रद्द कर दी गई हैं। जिसके कारण गाजियाबाद से यात्रा करने वाले यात्रियों को मेट्रो और ई-बस का सहारा लेना पड़ा है।
इन ट्रेनों को किया गया डायवर्ट
64906 गाजियाबाद-पलवल ईएमयू, 64409 गाजियाबाद, 54307 मुरादाबाद-दिल्ली जंक्शन पैसेंजर, 64582 दिल्ली जंक्शन-हाथरस फोर्ट मेमू, 54076 दिल्ली जंक्शन-बरेली पैसेंजर इन ट्रेनों को नई दिल्ली से साहिबाबाद-तिलक ब्रिज-न्यू रूट के जरिए पुरानी दिल्ली भेजा जा रहा है। 74024 सहारनपुर- दिल्ली जंक्शन डीएमयू, 64107 दनकौर- दिल्ली जंक्शन ईएमयू, 64092 कासिमपुर खीरी- दिल्ली जंक्शन एमईएमयू, 64028 सहारनपुर- दिल्ली जंक्शन एमईएमयू, 64024 शामली- दिल्ली जंक्शन एमईएमयू ट्रेनों को शाहदरा में समाप्त कर दिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।