गजब हाल! गाजियाबाद के इस इलाके में एक ही समय मिल रहा पानी, लोगों के सामने बड़ा संकट
गाजियाबाद के साहिबाबाद में पेयजल आपूर्ति बाधित होने से ट्रांस हिंडन के निवासी परेशान हैं। वैशाली वसुंधरा जैसे इलाकों में एक ही समय पर पानी की आपूर्ति हो रही है जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। निवासियों ने शिकायत दर्ज कराई है जिस पर जलकल विभाग ने जल्द ही दोनों समय जलापूर्ति शुरू करने का आश्वासन दिया है।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। गाजियाबाद जनपद के साहिबाबाद में पेयजल आपूर्ति में बाधा के चलते ट्रांस हिंडन क्षेत्र में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि एक ही समय पेयजल की आपूर्ति हो रही है। खासकर वैशाली, अर्थला, डीएलएफ कालोनी, वसुंधरा और कड़कड़ माडल में लोगों को पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
सोमवार को भी कई इलाकों में सुबह के समय ही पेयजल आपूर्ति हुई। लोगों का आरोप है कि पानी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बोतलबंद पानी का इंतजाम करना पड़ता है। वैशाली में लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी सुमित सिंह ने बताया कि पेयजल की निरंतर आपूर्ति नहीं रहती है। कभी-कभी दो-दो दिन पानी घरों में नहीं आता है। इसके अलावा कम दबाव से पेयजल आपूर्ति होने की समस्या भी बनी हुई है। कड़कड़ माडल में एक ही समय जलापूर्ति हो रही है।
यह भी पढ़ें- बहादुरगढ़ में पानी में डूबी कॉलोनियों में मकानों को खतरा, दरारें आने से निवासियों में दहशत
स्थानीय निवासी अरुण तोमर ने बताया कि इसको लेकर कई बाद धरने-प्रदर्शन तक किए लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं हुआ। रविवार को फिर से आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की गई है।
नगर निगम जलकल विभाग के अवर अभियंता शेषमणि यादव ने बताया की शिकायत मिली है। जल्द ही दोनों समय आपूर्ति शुरु की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।