गाजियाबाद के लोगों को नहीं लगानी पड़ेगी मुख्यालय तक दौड़, इंदिरापुरम में भी बनाया जाएगा जोनल कार्यालय
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में नगर निगम द्वारा जोनल कार्यालय बनाने का प्रस्ताव है जिससे निवासियों को निगम कार्यों के लिए दूर नहीं जाना होगा। जीडीए से हस् ...और पढ़ें

शोभित शर्मा, गाजियाबाद। जीडीए से इंदिरापुरम नगर निगम को हस्तांतरित होने के लगभग 10 महीने बाद अब यहां जोनल कार्यालय के लिए प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रांस हिंडन में मोहननगर और वसुंधरा में जोनल कार्यालय के बाद इंदिरापुरम में भी जोनल कार्यालय बनाया जाएगा। इससे लोगों को निगम संबंधित काम के लिए मुख्यालय तक की दौड़ नहीं लगानी होगी।
इंदिरापुरम को जीडीए ने पिछले साल सितंबर में नगर निगम को हस्तांतरित किया था। 185 करोड़ रुपये इसके एवज में नगर निगम को दिए जाने पर दोनों विभागों के बीच सहमति बनी। इसके बाद से यहां जोनल कार्यालय शुरू किए जाने की मांग उठ रही थी। फिलहाल इंदिरापुरम के लोगों को निगम संबंधित कार्य के लिए वसुंधरा जोनल कार्यालय या नगर निगम मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है।
टीएचए में तीसरा और निगम क्षेत्र में यह छठा जोनल कार्यालय होगा। मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया कि इंदिरापुरम में ही उपलब्ध भूमि पर जोनल कार्यालय बनाने की योजना है। निर्माण विभाग ने इसका प्रस्ताव लगभग तैयार कर लिया है। करीब 13 से 14 करोड़ रुपये से जोनल कार्यालय की इमारत बनेगी।
डंपिंग यार्ड के लिए भी अटकी है कवायद
इंदिरापुरम में हस्तांतरण के बाद 200 सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं। जीडीए से मिली धनराशि से क्षेत्र में सड़क, पार्क, सीवर, पेजयल और नाला संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। इस बीच नगर निगम डंपिंग यार्ड के लिए क्षेत्र में भूमि तलाश कर रहा है। नगर निगम की ओर से इसको लेकर जीडीए को कई बार पत्र भी लिखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि भूमि उपलब्ध होते ही डंपिंग यार्ड को शुरू कर दिया जाएगा।
जोनल कार्यालय के लिए प्रस्ताव को अगले महीने शासन को भेजे जाने की उम्मीद है। शासन से पास होते ही कार्यालय निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा। -विक्रमादित्य सिंह मलिक, नगर आयुक्त, नगर निगम

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।