पीडिया-क्वेस्ट 2025: बढ़ते स्क्रीन टाइम से बच्चों की नजर हो रही कमजोर, डॉक्टरों ने दी समय पर जांच की सलाह
गाजियाबाद में पीडिया-क्वेस्ट 2025 में डॉक्टरों ने बताया कि बच्चों में सिरदर्द का मुख्य कारण कमजोर नजर हो सकती है। खानपान जीवनशैली में बदलाव और मोबाइल के अधिक इस्तेमाल से बच्चों की नजर कमजोर हो रही है। जंक फूड से दांतों और स्क्रीन टाइम से आंखों पर बुरा असर पड़ रहा है। तनाव और नींद की कमी भी सिरदर्द का कारण बन सकती है।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। बच्चों के सिर में दर्द का कारण नजर का कमजोर होना संभव है। इसे नजरअंदाज करना बच्चे की सेहत के साथ खिलवाड़ होगा। यह बात गंगाराम अस्पताल के डाॅ. प्रवीण कुमार ने आयोजित दो दिवसीय पीडिया -क्वेस्ट 2025 के समापन सत्र के दौरान कही। उन्होंने कहा कि खानपान, बदलती जीवन शैली और मोबाइल का अधिक उपयोग करने से बच्चों की नजर तेजी से कमजोर हो रही है। इसके लिए मां-बाप के साथ स्कूलों में अध्यापकों को निगरानी रखना बहुत जरूरी है। समय पर बच्चों की आंखों की जांच कराना भी जरूरी है।
वैक्सीन के महत्व को समझाया
पीडियाट्रिक वेलफेयर सोसायटी गाजियाबाद द्वारा आयोजित पीडिया -क्वेस्ट 2025 देश के 200 बाल रोग विशेषज्ञों ने भाग लिया। इसमें 10 विषयों पर व्याख्यान हुए तथा विभिन्न विषयों पर नई-नई जानकारियां दी गईं। मुख्य रूप से दंत स्वास्थ्य पर बच्चों के लिए क्या जानना आवश्यक है और सामान्य नेत्र स्वास्थ्य के जरूरी पहलुओं पर चर्चा हुई। हेक्सा वैक्सीन की अपडेट देते हुए डाॅ. आशीष प्रकाश ने वैक्सीन के महत्व को समझाया।
नेत्र स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ रहा
एंडोक्राइन पर थायराइड के संबंध में डाॅ. अंजु वीरिमानी ने चर्चा की। हेमेचुरिया पर डॉक्टर पंकज ने व्याख्यान प्रस्तुत किया तथा बच्चों में एसिडिटी पर डाॅ. विद्युत भाटिया ने अहम जानकारी दी। इस सेमीनार का मुख्य बिंदु-जंकफूड से दांतों की हाइजीन पर फर्क पड़ रहा है तथा दांतों में कैरिज बढ़ रहे हैं। अधिक स्क्रीन टाइम होने के कारण नेत्र स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ रहा है।
खाना-पीना, कम खेलना और तनाव
पूरी नींद न हो पाने एवं तनाव के कारण बच्चे सर दर्द की शिकायत करते हैं। बाजार से निर्मित खाना-पीना, कम खेलना और तनाव तीनों से थायराइड प्रभावित होता है। अतः बच्चों की ग्रोथ एवं थायराइड हार्मोन भी प्रभावित हो रहा है। इस मौके पर डाॅ. पंकज, डाॅ. संदीप, डाॅ. प्रमोद सब्बरवाल, डाॅ. केके खन्ना, डाॅ. पंकज गर्ग डाॅ.नरेंद्र गोयल, डाॅ. सोनाली गुप्ता और डाॅ. विपिन अग्रवाल मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।