विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जाम में फंसे बिना दिल्ली से एलिवेटेड रोड से जा सकेंगे वसुंधरा-इंदिरापुरम, हजारों वाहन चालकों को मिलेगी राहत

Published: Thu, 11 Sep 2025 07:31 AM (IST)

गाजियाबाद के वसुंधरा में एलिवेटेड रोड को सीआईएसएफ रोड से जोड़ने के लिए 90 करोड़ की लागत से दो अप्रोच ...और पढ़ें

आला हजरत हज हाउस के पास एलिवेटेड रोड का दृश्य। जागरण
आला हजरत हज हाउस के पास एलिवेटेड रोड का दृश्य। जागरण

HighLights

  1. एलिवेटेड रोड को सीआइएसएफ रोड से लिंक करने को बनेगी एप्रोच रोड
  2. 400 - 400 मीटर लंबी दो-दो लेन की दो अप्रोच रोड, खर्च होंगे 90 करोड़ रुपये

अभिषेक सिंह, गाजियाबाद। एनएच- नौ पर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण सेक्टर- 62 के पास रोजाना जाम की स्थिति बनती है। इस जाम में इंदिरारपुरम, वसुंधरा में रहने वाले हजारों वाहन चालक भी रोजाना फंसते हैं।

उनको जाम की समस्या से निजात दिलाने और एनएच- नौ पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए सेतु निगम द्वारा वसुंधरा में एलिवेटेड रोड पर दिल्ली की ओर जाने के लिए प्रवेश और दिल्ली से आने वालों के लिए निकास के लिए दो अप्रोच रोड बनाई जाएगी।

एनएच- नौ पर वाहनों का दबाव भी होगा कम

इससे एक तरफ एलिवेटेड रोड का उपयोग अधिक हो सकेगा तो दूसरी तरफ वाहन चालकाें को जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा। ईंधन और समय की बचत होगी। गाजियाबाद शहर के लोगों को दिल्ली तक आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए राजनगर एक्सटेंशन से यूपी बार्डर तक एलिवेटेड रोड बनाई गई है।

इस रोड पर वसुंधरा में निकास और प्रवेश के लिए कट भी दिया गया है, वसुंधरा से राजनगर एक्सटेंशन आने वाले लोग एलिवेटेड रोड पर चढ़ सकते हैं और राजनगर एक्सटेंशन से वसुंधरा, इंदिरापुरम की ओर जाने वाले वाहन चालक निकास वाले कट से नीचे उतर सकते हैं।

जिन वाहन चालकों को दिल्ली जाना होता है, वह राजनगर एक्सटेंशन से एलिवेटेड रोड के रास्ते सीधे यूपी बार्डर होकर दिल्ली जाते हैं लेकिन वसुंधरा में दिल्ली की ओर जाने और दिल्ली की ओर से आने वालों के लिए एलिवेटेड रोड पर कट नहीं दिए गए हैं, ऐसे में वसुंधरा और इंदिरापुरम में रहने वाले हजारों की संख्या में वाहन चालकों को सीआइएसएफ रोड और एनएच- नौ के रास्ते दिल्ली की ओर आवागमन करना पड़ता है।

इस समस्या के समाधान के लिए शहर विधायक संजीव शर्मा ने वसुंधरा में एलिवेटेड रोड पर दिल्ली की ओर आवागमन करने के लिए भी प्रवेश और निकास द्वार बनाने के लिए सेतु निगम के अधिकारियों को सुझाव दिया था, इस पर अमल करते हुए सेतु निगम के अधिकारियों ने सर्वे कर लिया है।

अप्रोच रोड बनाने में खर्च होंगे लगभग 90 करोड़

वसुंधरा में एलिवेटेड रोड पर चढ़ने व उतरने के लिए 400 - 400 मीटर की दो अप्रोच रोड बनाई जाएगी, जो कि एलिवेटेड रोड से सीआइएसएफ रोड को जोड़ेगी, इन दोनों अप्रोच रोड के माध्यम से वसुंधरा और इंदिरापुरम में रहने वाले लोग बिना जाम में फंसे रोजाना दिल्ली तक आवागमन कर सकेंगे।

उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड की गाजियाबाद इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर रजनीश यादव ने बताया कि अप्रोच रोड बनाने में लगभग 90 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। जल्द ही इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर शासन को प्रेषित की जाएगी। बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

एलिवेटेड रोड का उपयोग अधिक हो सके और वसुंधरा, इंदिरापुरम से दिल्ली की आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी न हो। इसके लिए सेतु निगम के अधिकारियों से अप्रोच रोड बनाने की मांग की है। डीपीआर शासन को भेजे जाने के बाद बजट भी जल्द ही आवंटित कराने का प्रयास किया जाएगा।

- संजीव शर्मा, शहर विधायक