Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Ghaziabad Crime: शावेज की हत्या मामले में पुलिस का बड़ा खुलासा, गांजा पीने के दौरान हुए विवाद में मारी थी गोली

    Updated: Mon, 15 Sep 2025 09:40 AM (IST)

    गाजियाबाद के कृष्णा विहार में शावेज नामक व्यक्ति की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। टीला मोड़ पुलिस ने अज्जू और मोहित को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि गांजा पीने के दौरान गाली-गलौज के बाद हुए विवाद में शावेज को गोली मारी गई थी। वारदात 5 सितंबर को हुई थी जबकि शावेज की मौत 10 सितंबर को हुई।

    Hero Image
    थाना टीला मोड़ पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार हत्या के दो आरोपित। सौ. पुलिस

    जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। कृष्णा विहार में गोली मार कर हुई शावेज की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। गांजा पीकर गाली-गलौज के बाद हुए विवाद में आरोपितों ने शावेज को गोली मार दी थी। वारदात पांच सितंबर की है जबकि इलाज के दौरान शावेज की मौत 10 सितंबर को हो गई थी। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है जबकि इनके फरार साथी की पुलिस तलाश कर रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शावेज की दादी नूरजहां ने की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने दो अज्ञात लोगों पर शावेज को गोली मारने का आरोप लगाया था। छानबीन और तलाश के बाद पुलिस ने टीला मोड़ जावली के रहने वाले अज्जू और मोहित उर्फ चुल्लू को गिरफ्तार किया।

    दोनों ने पूछताछ में बताया कि पांच सितंबर की दोपहर दोनों अपने साथी अनूप के साथ डी-मार्ट के पीछे कृष्णा विहार के जंगल में बैठकर गांजा पी रहे थे। कुछ देर बाद वहां शावेज भी अपने चचेरे भाई साद के साथ पहुंच गया और बैठकर वह भी गांजा पीने लगा।

    गांजा पीने के दौरान शावेज गाली देने लगा तो तीनों आरोपितों ने उसे पीटा। पूछताछ में मोहित ने बताया कि अज्जू के पास पहले से ही तमंचा था। अनूप और मोहित ने उसे गोली मारने के लिए उकसाया। इसके बाद अज्जू ने तमंचा निकाल कर शावेज की कनपटी पर गोली मारी, लेकिन गोली उसके जबड़े में लगी थी।

    तीनों यह देखकर मौके से फरार हो गए। शावेज घायल हालत में थाने पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। 10 सितंबर को शावेज की मौत का पता लगने पर तीनों आरोपित घर से फरार हो गए। अज्जू ने घर के पास ही खंडहर में तमंचा छुपा दिया था, जिसे बरामद कर लिया गया है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।