आगरा से मनचला गाजियाबाद तक पहुंचा... छात्रा का हाथ पकड़ गाड़ी में खींचा, परेशान होकर कॉलेज जाना छोड़ा
गाजियाबाद के कवि नगर में एक युवक ने छात्रा के अपहरण का प्रयास किया। पूर्व में आगरा में छेड़छाड़ से परेशान होकर परिवार ने घर बदला था लेकिन आरोपित ने गाजियाबाद में भी पीछा नहीं छोड़ा। उसने छात्रा के मंगेतर को जान से मारने की धमकी दी और जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : कवि नगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने छात्रा का हाथ पकड़कर गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। आरोपित से परेशान होकर छात्रा ने काॅलेज जाना बंद कर दिया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि स्वजन के साथ वह आगरा में रहती थी। वह आगरा के एक काॅलेज से बीए कर रही थी। इसी काॅलेज में योगेश बीएससी में पढ़ रहा था।
योगेश उसके साथ छेड़छाड़ करता था। उसने इसकी शिकायत अपने माता-पिता से की। स्वजन ने योगेश को काॅलेज जाकर समझाया लेकिन उसने अपनी हरकतें बंद नहीं की।
परेशान होकर आगरा का मकान बेचकर गाजियाबाद में बसे थे
इससे परेशान होकर उन्होंने अपना आगरा का मकान अक्टूबर 2024 में बेचकर गाजियाबाद में खरीद लिया। इसके बाद आरोपित ने भी गाजियाबाद में किराये पर कमरा लेकर रहना शुरू कर दिया।
आरोपित उनके घर के पास खड़ा हो जाता है। उसने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है। उसने काॅलेज जाना भी बंद कर दिया है।
यु़वती का रिश्ता तय किया तो मंगेतर को दी धमकी
आरोपित से परेशान होकर स्वजन ने उसका रिश्ता दिल्ली के युवक से तय कर दिया। आरोपित ने मंगेतर को भी फोन करके जान से मारने की धमकी दी।
उसके माता-पिता 13 जून को बाहर गए थे। वह काॅलोनी की एक दुकान से सामान लेने गई थी। तभी आरोपित ने उसका हाथ पकड़ कर गाड़ी में जबरन बैठाने की कोशिश की।
मां की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा
वह आरोपित को धक्का देकर अपने घर आ गई और दरवाजा लगा लिया। स्वजन घर पहुंचे तो उसने घटना के बारे में बताया।
यह सुनकर उनकी माता का ब्लड प्रेशर बढ़ गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। पुलिस का कहना है कि योगेश निवासी हुलासपुर, औखला जिला फिरोजाबाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।