गाजियाबाद वालों को खूंखार कुत्तों से मिलेगी राहत, माइक्रोचिप लगाएगा नगर निगम; डॉग शेल्टर होम को लेकर बताया प्लान
गाजियाबाद नगर निगम ने दावा किया है कि वह तीन एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर संचालित करने वाला उत्तर प्रदेश का पहला निगम होगा। निगम कुत्तों को मांस रेबीज वैक्सीनेशन और माइक्रोचिप लगाने वाला भी पहला निगम होगा। निगम 2027 तक शहर को कुत्तों की समस्या से मुक्त करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है जिसके लिए प्रतिदिन 100 कुत्तों का बंध्याकरण किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में एनिमल बर्थ कंट्रोल मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में दावा किया गया कि नगर निगम तीन एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर संचालित करने वाला उत्तर प्रदेश में पहला नगर निगम बनेगा।
वहीं कुत्तों में मांस रेबीज वैक्सीनेशन एवं रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआइडी) माइक्रोचिप लगाने वाला भी पहला नगर निगम होगा। नगर आयुक्त ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देश के क्रम में निगम डॉग शेल्टर होम बनाने की कार्य योजना प्रस्तुत करेगा। इसमें रैबीज से पीड़ित या पागल कुत्तों को रखा जाएगा।
एनिमल बर्थ कंट्रोल मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक लेते नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक। सौ. नगर निगम
बैठक में डॉ. एसपी पांडेय मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, डॉ. अनुज कुमार सिंह उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी, डॉ. हरिवंश सिंह उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, डॉ. सौरभ कुमार पशु चिकित्सा अधिकारी, डा. आशीष त्रिपाठी पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी, डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह नगर स्वास्थ्य अधिकारी आदि बैठक में शामिल हुए।
कमेटी द्वारा कुत्तों संबंधित समस्याओं के निस्तारण और एबीसी कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए 11 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने निगम द्वारा किए जा रहे कुत्ते के रजिस्ट्रेशन तथा बंध्याकरण की जानकारी ली।
नगर आयुक्त ने बंध्याकरण की संख्या बढ़ाने के लिए भी कहा गया। नगर आयुक्त द्वारा टीम को प्रति माह में दो बार बैठक बुलाने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा मांस वैक्सीनेशन के लिए अलग से टेंडर करेगा। जिसमें कार्यदायी संस्था घर-घर और गली में जाकर कुत्तों को रेबीज वैक्सीन लगाएगी।
होगी कुत्तों की गणना
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के लोग पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन 311 एप और जीएमसी पेट एप के माध्यम से करेंगे। कार्यदायी संस्था नए स्तर से नगर निगम सीमा अंतर्गत कुत्तों की गणना करेगी। जिससे कुत्तों पर प्रभावी तरीके से काम किया जा सके।
बैठक में उपस्थित पार्षद संजय सिंह ने कहा कि बंध्याकरण की कार्रवाई वार्डवार की जानी चाहिए। नगर आयुक्त ने कहा कि आरडब्ल्यूए सोसायटी में फीडिंग प्वाइंट स्थापित करना सुनिश्चित करें। इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी। कुत्तों को अधिक से अधिक गोद लेने पर भी चर्चा हुई।
प्रतिदिन 100 कुत्तों का होगा बंध्याकरण
उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी ने कहा कि गाजियाबाद प्रदेश का पहला निगम होगा जो वर्ष 2027 तक पूरी तरह कुत्तों की समस्या को खत्म कर देगा। तीन एबीसी सेंटर पर प्रतिदिन 100 से अधिक कुत्तों का बंध्याकरण कराया जाएगा।
निगम ने शहर के लोगों से भी सहयोग की अपील की है। कुत्तों की भी सूचना के लिए निगम ने हेल्पलाइन नंबर 9650934500 जारी किया है। इस नंबर पर शिकायत पर मिलने पर अधिकारी उसका त्वरित निस्तारण करेंगे।
ये हाेंगे शहर में एबीसी सेंटर
- पहला गौशाला फाटक के पास का एबीसी सेंटर संचालित है।
- दूसरा नया बस अड्डे वाला एबीसी सेंटर सोमवार से संचालित हो जाएगा
- तीसरा सिद्धार्थ विहार में ढाई करोड़ एबीसी सेंटर बनवाया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।