गाजियाबाद के प्रताप विहार में मकान भरभराकर गिरा, फ्लैटों पर किया था अवैध निर्माण
गाजियाबाद के प्रताप विहार में अवैध निर्माण गिरने से हड़कंप मच गया। जीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पाया कि कई अन्य लोगों ने भी अवैध निर्माण किया है। जीडीए अब इन सभी अवैध निर्माण करने वालों को नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों ने पहले भी इस बारे में नोटिस जारी किए थे।

जागरण संवादाता, गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित फ्लैट पर किया गया अवैध निर्माण सोमवार शाम को गिर गया। गनीमत रही इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर फ्लैट मालिक फरार हो गया है। जीडीए की टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। यहां अन्य कुछ लोगों ने भी अवैध निर्माण किया हुआ है। अवैध निर्माण करने वालों को जीडीए नोटिस देगा।
जीडीए ने प्रताप विहार एच ब्लाक में चार-चार मंजिला बिल्डिंग बनाई हैं। ईडब्ल्यूएस के फ्लैट आवंटित किए हुए हैं। प्राधिकरण ने सोसायटी की चार दीवारी बनाई है। एक बिल्डिंग के बगल में करीब दस मीटर खाली जगह बची है।
इस जगह पर एच 270 में रहने वाले व्यक्ति ने अवैध निर्माण कर कमरा बना लिया था। इस कमरे के ऊपर प्रथम तल फ्लैट वाले ने भी अवैध निर्माण कर लिया। इसी तरह एक के ऊपर एक फ्लैट मालिक ने अवैध निर्माण कर लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अवैध निर्माण 20 वर्ष पहले किया गया था। अवैध निर्माण की नींव में पानी भर गया। सोमवार शाम अवैध निर्माण गिर गया। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। इसकी सूचना मिलने पर जीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व में अवैध निर्माण करने वाले को नोटिस दिया गया था। जो निर्माण गिरा है वह जीडीए का हिस्सा नहीं है। जोनवार अधिकारियों को अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।