गाजियाबाद के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भीड़, बारिश के बाद सता रहा सांप का डर
गाजियाबाद के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है खासकर बच्चों में उल्टी दस्त और बुखार के मामले अधिक हैं। डॉक्टरों की कमी से मरीजों को परेशानी हो रही है। बारिश के कारण सांप निकलने की घटनाएं भी बढ़ गई हैं और दो लोगों को सांप काटने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनकी हालत स्थिर है।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। सरकारी अस्पताल मरीजों से अटे पड़े हैं और लोगों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। फिजीशियन और दो ईएमओ के प्रशिक्षण में जाने से मरीजों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। शुक्रवार को बारिश के बीच मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ।
ओपीडी में सबसे ज्यादा बच्चे उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत लेकर आ रहे हैं। पर्चा काउंटर से लेकर दवा काउंटर तक मरीजों के बीच धक्का-मुक्की होती रही। बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में 446 बीमार बच्चे पहुंचे। इनमें से 18 बच्चों को भर्ती किया गया है। ओपीडी में कुल 3173 मरीज पहुंचे।
इनमें 1545 महिलाएं, 1136 पुरुष और 370 बुजुर्ग थे। बुखार के 288 मरीजों में 39 बच्चे शामिल थे। फिजीशियन डॉ. संतराम वर्मा की सलाह है कि पेट दर्द और बुखार हो तो डॉक्टर से जरूर सलाह लें। बाहर का खाना बिल्कुल न खाएं। पेय पदार्थों का अधिक सेवन करें। धूप में निकलने से बचें।
सांप ने दो लोगों को काटा, हालत स्थिर
बारिश के कारण पिछले कुछ दिनों से कीड़ों का डर बढ़ रहा है। जगह-जगह जलभराव से भी साँप निकल रहे हैं। जिला एमएमजी अस्पताल में हर तीसरे-चौथे दिन साँप या अन्य कीड़ों के काटने के मामले आ रहे हैं।
शुक्रवार को दो घरों में साँप घुस गया, जिससे हड़कंप मच गया। साँप ने दो लोगों को काट लिया। इसके बाद उन्हें एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत ठीक है।
डासना गेट के सुखीमल मोहल्ले में 55 वर्षीय दीपक गर्ग के घर में साँप घुस गया। रात करीब 10 बजे साँप ने दीपक को काट लिया। इसके बाद साँप घर से बाहर निकल गया। लेकिन मोहल्ले में साँप के आने से हड़कंप मच गया। आसपास के लोग साँप को ढूँढने लगे।
इस दौरान दीपक का बेटा अपने पिता को एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में ले गया, जहाँ उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया। इसके अलावा विजय नगर के सजवान नगर में हरपाल सिंह के घर में साँप घुस गया और साँप ने उनके 27 वर्षीय बेटे ललित को काट लिया।
घटना के बाद, ललित को एमएमजी अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया। ड्यूटी पर मौजूद ईएमओ ने बताया कि दोनों मरीजों को तुरंत एंटी-स्नेक वेनम दिया गया और दोनों की हालत में सुधार हो रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।