गाजियाबाद में बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव बना मुसीबत, नालों ने तोड़ दिया दम
गाजियाबाद में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर की सड़कें जलमग्न हो गई हैं जिससे यातायात जाम की स्थिति बनी हुई है। कई कॉलोनियों में नालों का पानी ओवरफ्लो हो गया है जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। जीटी रोड हापुड़ रोड और दिल्ली मेरठ रोड पर जलभराव के कारण जाम लग गया है। मसूरी में भी एनएच नौ पर जलभराव से आवागमन प्रभावित है।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार रात तक रुक-रुक वर्षा होती रही। वर्षा में शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। नगर निगम के इंतजाम की पोल खुल गई। सुबह और शाम में पीक अवर्स में ट्रैफिक जाम ने सड़कों को जकड़ लिया। जलभराव के कारण जीटी रोड, राजनगर एक्सटेंशन रोड, एनएच नौ व हापुड़ रोड पर जाम की स्थिति बनी रही।
सुबह तड़के वर्षा शुरू हो गई। 10 बजे तक वर्षा होती रही। लोग वर्षा रुकने का इंतजार करते रहे। वर्षा रुकने पर दो पहिया वाहन चालक घर से ड्यूटी के लिए निकले। इसके बाद फिर से वर्षा शुरू हो गई। लोग रास्ते में फंस गए। लोग देरी से ड्यूटी पहुंचे।
रात तक रुक-रुक कर वर्षा होती रही। इससे जीटी रोड, हापुड़ रोड, दिल्ली मेरठ रोड, रमते राम रोड, आंबेडकर रोड पर पानी भर गया। एनएच नौ पर कई जगह जलभराव हो गया। इसके अलावा आरडीसी राजनगर, दीनदयालपुरी, नेहरू नगर, शिब्बनपुरा, पटेल नगर, कालका गढ़ी, घूकना, हिंडन विहार, मुकुंद नगर, दौलतपुरा, नंदग्राम, सिहानी, कृष्णा नगर, नासिरपुर, मरियम नगर, नूरनगर, आर्य नगर, कोटगांव, लोहिया नगर, तुराब नगर, इस्लाम नगर, कैला भट्टा, प्रेम नगर, शास्त्री नगर, रईसपुर, चिरंजीव विहार, गोविंदपुरम, संजय नगर, राज नगर, कवि नगर, बागू, सिद्धार्थ विहार, विजय नगर और प्रताप विहार कॉलोनी में पानी भर गया।
ज्यादातर कॉलोनियों ने नालों का पानी ओवरफ्लो हो गया। विजय नगर में नालों का पानी आगे की बजाय पीछे की ओर बहता हुआ नजर आया। नालों का कूड़ा पानी के साथ सड़क तैरने लगा। लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों को फोन कर जल भराव की शिकायत की।
नया बस अड्डा पर पानी भरने की वजह से देर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। लोगों का कहना है कि इस बार वर्षा रुक नहीं रही है। अब लोग भी परेशान हो गए हैं। वर्षा के दौरान नया बस अड्डा और लाल कुआं पर जाम लग गया।
यहां दिल्ली की ओर जाने की दिशा में दो किलोमीटर वाहनों की कतार लग गई। वर्षा के दौरान भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के लिए डटे रहे। हापुड़ रोड पर कचहरी के पास जाम लग गया। वहीं दिल्ली मेरठ रोड पर घूकना के पास जाम लग गया।
मसूरी में हुआ जलभराव
एनएच नौ से डासना जाने वाले मार्ग पर पानी भर गया। डासना का नाला उफना गया। इसी तरह एनएच नौ से रफीकाबाद वाले मार्ग पर भी जलभराव हो गया। रसूलपुर रोड पर पानी भर गया। मसूरी में एनएच नौ की सर्विस लेन एक से डेढ़ फीट पानी भर गया।
मसूरी से धौलाना जाने वाले रोड पर भी कई जगह पानी भर गया। रसूलपुर के दानिश ने बताया कि जलभराव के कारण घर तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। पानी सूखता नहीं है और दोबारा वर्षा हो जाती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।