गाजियाबाद के इन इलाकों में आज नहीं आएगा पानी, देखें कहीं आपका एरिया भी तो नहीं है शामिल?
नोएडा में पानी की लाइन टूटने से सिद्धार्थ विहार गंगाजल प्लांट बंद हो गया जिससे कई इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित हुई। जलकल विभाग ने भू-जल की आपूर्ति की लेकिन टीडीएस अधिक होने से लोगों को परेशानी हुई। मरम्मत कार्य चल रहा है और शनिवार सुबह तक आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है। पहले भी विद्युत कनेक्शन कटने से आपूर्ति बाधित हुई थी।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। नोएडा में क्षतिग्रस्त पानी की लाइन की मरम्मत के कार्य के चलते सिद्धार्थ विहार का गंगाजल प्लांट बृहस्पतिवार दोपहर से बंद है। इससे प्लांट से जुड़े इलाकों को शुक्रवार को जरूरत के हिसाब से गंगाजल नहीं मिल सका।
प्रताप विहार प्लांट से थोड़ा गंगाजल मिल सका। जलकल विभाग ने भू-जल की आपूर्ति की। टीडीएस अधिक होने के कारण लोग भू-जल का उपयोग नहीं कर सके। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
सिद्धार्थ विहार स्थित गंगाजल प्लांट से इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी, सिद्धार्थ विहार व नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति की जाती है। जल निगम के अधिकारियों का कहना है कि नोएडा में गंगाजल की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसे ठीक कराने का कार्य किया जा रहा है।
शुक्रवार देर रात तक मेंटेनेंस का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद शनिवार सुबह तक गंगाजल की आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। वहीं, गंगाजल की आपूर्ति नहीं होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। दरअसल, इन इलाकों में गंगाजल व भू-जल को मिलाकर आपूर्ति की जाती है।
अब केवल भू-जल ही मिल रहा है। भू-जल का टीडीएस बहुत अधिक होने के कारण लोग इसका उपयोग पीने में नहीं कर पाते हैं। इंदिरापुरम न्याय खंड दो के सुधांशु ने बताया कि बोतलबंद पानी खरीदकर पी रहे हैं।
वहीं, वैशाली सेक्टर-तीन के मनोज कुमार का कहना है कि आए दिन गंगाजल की आपूर्ति ठप हो जाती है। इससे पीने के लिए दुकानों से बोतलबंद पानी खरीदकर ही गुजारा करना पड़ता है।
पहले भी विद्युत कनेक्शन कटने से कई बार ठप हुई है आपूर्ति
पहले भी जल निगम पर विद्युत निगम का बकाया होने के कारण कनेक्शन काट दिया गया था। इससे सिद्धार्थ विहार व प्रताप विहार प्लांट की आपूर्ति ठप हुई है। इससे इन इलाकों के करीब 15 लाख लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी थी।
नोएडा में लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। मेंटेनेंस का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही मेंटेनेंस कार्य पूरा कर लिया जाएगा। शनिवार सुबह तक आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
ब्रह्मानंद, अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।