गाजियाबाद में स्टंट कर रहे चार बाइक सवार किशोर फ्लाईओवर से नीचे गिरे, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
गाजियाबाद के कोतवाली क्षेत्र में ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर से चार किशोर नीचे गिर गए जब वे बाइक पर स्टंट कर रहे थे। तेज गति और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने चारों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ से उन्हें रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान इस्लामनगर के निवासियों के रूप में हुई है। फ्लाईओवर पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। कोतवाली क्षेत्र में एक बाइक पर सवार चार किशोर ठाकुर द्वारा फ्लाईओवर से नीचे गिर गए। जबकि बाइक ऊपर ही अटक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक किशोर तेज गति में बाइक से स्टंट कर रहे थे। पुलिस ने चारों घायलों को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने चारों को अन्य अस्पतालों में रेफर कर दिया।
बृहस्पतिवार की रात 11 बजे एक बाइक पर सवार चार किशोर घंटाघर की ओर से नए बस अड्ड़े की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक किशोर बाइक को एक लेन में नहीं चला रहे थे। वह जल्दी-जल्दी लेन बदल रहे थे। बाइक को इधर-उधर लहरा रहे थे।
जब वह फ्लाईओवर के ऊपर जस्सीपुरा के पास पहुंचे तो सामने से एक ट्रक आ गया। यहां फ्लाईओवर का मोड़ है। ट्रक को बचाने के प्रयास में बाइक फ्लाईओवर की ग्रिल में टकरा गई। उन्होंने ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन ब्रेक नहीं लगे। बाइक फ्लाईओवर की ग्रिल में फंस गई। जबकि चारों किशोर नीचे सड़क पर गिर गए। चारों के हाथ, पैर, सीने में फ्रेक्चर हो गया। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
एसीपी नगर कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने चारों को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की पहचान 16 वर्षीय इरफान, 15 वर्षीय रिहान, 16 वर्षीय आयान और 14 वर्षीय सोएब के रूप में हुई। चारों इस्लामनगर के रहने वाले हैं। इरफान और आयान की हालत नाजुक है।
पूर्व में हो चुके हैं हादसे
12 अगस्त 2022 को भी एक बाइक सवार की फ्लाईओवर से गिरकर मौत हो गई थी। सात सितंबर को 2022 को भी दो बाइक सवार फ्लाईओवर से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 11 जनवरी 2025 को ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर से एक युवक बाइक समेत नीचे गिर गया था। जिला एमएमजी अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई थी। 30 जून 2022 को ठाकुर द्वारा फ्लाईओवर से गिरकर तीन युवकों की मौत हो गई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।