Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद: फर्जी दूतावास खोलने के मामले में गिरफ्तार हर्षवर्धन को लेकर रोज नए खुलासे, अब STF को मिली ये जानकारी

    By vinit Edited By: Monu Kumar Jha
    Updated: Sat, 26 Jul 2025 11:22 AM (IST)

    गाजियाबाद में फर्जी दूतावास चलाने के आरोप में गिरफ्तार हर्षवर्धन जैन के मामले में एसटीएफ को अहम जानकारी मिली है। आरोपी ने अंतरराष्ट्रीय ठग एहसान अली सैयद के साथ मिलकर विदेशों में 25 कंपनियां खोली थीं और उसे 20 करोड़ रुपये भी मिले थे। जैन के कई बैंक खाते भी मिले हैं। वेस्टआर्कटिका नामक संगठन ने जैन से संबंध तोड़ दिए हैं।

    Hero Image
    विदेशों में हर्षवर्धन जैन की 25 कंपनियों की जानकारी मिली। फाइल फोटो

    विनीत कुमार, गाजियाबाद। फर्जी दूतावास चलाने और हवाला करोबार के आरोप में गिरफ्तार कविनगर निवासी हर्षवर्धन जैन मामले की जांच कर रही एसटीएफ को कई अहम जानकारी मिली है। एसटीएफ को पता चला है कि आरोपित ने अंतरराष्ट्रीय ठग एहसान अली सैयद के साथ मिलकर विदेशों में 25 कंपनियां खोली थीं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आरोपित के बैंक खातों की संख्या भी 20 पहुंच गई है। वर्ष 2002 से 2004 के बीच एहसान अली ने जैन को 20 करोड़ रुपये भी ट्रांसफर किए थे। पुलिस ने आरोपित से पूछताछ करने के लिए पांच दिन का रिमांड कोर्ट से मांगा है। कोर्ट पुलिस के आवेदन पर सोमवार को सुनवाई करेगी।

    हर्षवर्धन जैन की गिरफ्तारी के समय एसटीएफ ने उसके यहां से कुछ बैंक खातों की जानकारी और दस्तावेज बरामद किए थे। उनकी जांच में कई अहम जानकारियां सामने आ रही हैं। जांच में सामने आया है कि अंतरराष्ट्रीय ठग एहसान अली सैयद जो आर्म्स डीलर अदनान खगोशी के साथ काम करता था।

    टर्किश नागरिकता लेकर लंदन में बैठकर एहसान अली सैयद और कविनगर निवासी हर्षवर्धन जैन मिलकर वर्षों से अलग-अलग देशों में शेल कंपनियों की आड़ में करोड़ों की ठगी को अंजाम दे रहे थे। जैन और एहसान अली की अभी तक 25 कंपनियों की जानकारी सामने आई है।

    इनमें 17 कंपनियां इंग्लैंड में खोली जबकि अन्य कंपनियों को मारीशस, कैमरून और यूएई में खोला गया। आरोपित के विदेशी बैंकों में खुले खातों के अलावा देश में ही विभिन्न बैंकों में खुले 11 नए खातों का पता चला है।

    जांच में पता चला है कि वर्ष 2002 से 2004 के बीच सिर्फ दो साल में ही एहसान अली ने हर्षवर्धन जैन को 20 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे। बृहस्पतिवार को एसटीएफ को उसका सिर्फ एक खाता ही देश में खुला होने की जानकारी मिली थी।

    दूसरी ओर, कविनगर पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में शुक्रवार को आरोपित हर्षवर्धन जैन को पांच दिन की रिमांड पर देने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट ने प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के लिए सोमवार का दिन तय किया है।

    जैन ने जिस देश का खुद को बताया राजदूत, उसने संबंध किए समाप्त

    कविनगर से मंगलवार को कई स्वयंभू देशों के अवैध दूतावास खोलने और हवाला के आरोप में गिरफ्तार हर्षवर्धन जैन से ऐसे ही एक देश ने संबंध समाप्त कर दिए हैं। अंटार्कटिका स्थित स्वयंभू देश वेस्टआर्कटिका है जो गैर सरकारी संगठन है। इस संगठन ने जैन से संबंध समाप्त कर दिए हैं।

    वेस्टआर्कटिका संगठन ने अपनी वेबसाइट पर बयान जारी कर संबंध समाप्त करने की जानकारी दी है। संगठन का कहना उनके कथित देश के राजा ग्रांड ड्यूक ट्रैविस को जैन की गतिविधि पर बहुत अफसोस है और जैन को दिए गए मानद कौंसिल को वापस ले लिया गया है।

    जैन ने 11 साल पहले इस संगठन को खुद भी फंडिंग की एवं अन्य व्यापारियों से भी फंडिंग कराई है। एसटीएफ संगठन से जानकारी लेकर मामले की जांच आगे बढ़ाएगी।