Ghaziabad में रिश्तों को शर्मसार करने का मामला, भाई ने बहन के साथ की दरिंदगी; तबीयत बिगड़ने पर खुला राज
गाजियाबाद के मोदीनगर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। भोजपुर थाना क्षेत्र में एक मौसेरे भाई ने 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और शोर मचाने पर मारपीट भी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना का पता चला।

जागरण संवाददाता, मोदीनगर (गाजियाबाद)। गाजियाबाद के मोदीनगर में भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मौसेरे भाई ने 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर आरोपित ने उनके साथ मारपीट की। धमकी दी यदि किसी से इस बारे में बताया तो हत्या कर देगा।
वहीं, किशोरी की तबीयत खराब होने पर स्वजन चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे तो दुष्कर्म का पता चला। मामला दर्ज कर भोजपुर पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। एक गांव की 13 वर्षीय किशोरी एक स्कूल में कक्षा सात की छात्रा हैं। उनकी मौसी की कुछ समय पहले मौत हो गई थी।
इस पर मौसा ने उनकी मां को काल कर किशोरी को अपने यहां खाना बनाने के लिए बुलाया। कुछ दिन बाद वह मौसी के यहां चली गई। अब कुछ दिन पहले मौसेरा भाई किशोरी को छोड़ने के लिए उनके गांव आया।
वहीं, रात अधिक होने पर वह यहां पर ही रूक गया। रात में जब किशोरी कमरे में सो रही थी तो आरोपित कमरे में गया और उनके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि शोर मचाने पर आरोपित ने उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। मारपीट भी की। बाद में हत्या की चेतावनी देकर किशोरी को शांत कर दिया। किशोरी तभी से गुमसुम रहने लगी। उसकी तबीयत भी बिगड़ गई। पेट में दर्द होने हुआ तो स्वजन चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। जहां दुष्कर्म के बारे में पता चला। स्वजन ने किशोरी से पूछा तब जाकर उसने पूरी बात बताई। मामले में किशोरी की तरफ से थाने में शिकायत दी गई है।
एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुुरू कर दी है। जल्द उसकी गिरफ्तारी होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।