गाजियाबाद के इस इलाके में है सबसे महंगा मकान, प्रॉपर्टी की कीमत जानकर चौंक जाएंगे आप
गाजियाबाद में जिलाधिकारी की अनुमति के बाद संपत्ति के सर्किल रेट की प्रस्तावित दर प्रकाशित की गई है। गांधीनगर में सबसे महंगी आवासीय संपत्ति है। संपत्ति की कीमत में 15 से 40 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है जिस पर लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं। प्राप्त आपत्तियों के निराकरण के बाद नए सर्किल रेट लागू होंगे।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंढाड़ की अनुमति के बाद मंगलवार को जिले में सर्किल रेट की प्रस्तावित दर प्रकाशित कर दी गई है। इसके तहत जिले में सबसे महंगी आवासीय संपत्ति गांधीनगर में 1,21,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर है। अंबेडकर रोड पर भी संपत्ति की यही कीमत प्रस्तावित की गई है।
जिले में संपत्ति की कीमत में 15 से 40 फीसदी की बढ़ोतरी कर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं। लोग 16 सितंबर से 30 सितंबर के बीच प्रस्तावित दर पर संबंधित उप-पंजीयक या एआईजी स्टांप कार्यालय में अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज करा सकते हैं।
एआईजी स्टांप पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि संपत्ति के सर्किल रेट की प्रस्तावित दर डीएम कार्यालय, एनआईसी वेबसाइट, एडीएम कार्यालय, सभी उप-पंजीयक कार्यालयों के बाहर प्रकाशित कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर जिले में भूखंडों की दरों में 15 से 20 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। लेकिन एनएच-9 पर लालकुआं और डासना के बीच स्थित वेव सिटी, आदित्य वर्ल्ड सिटी, जयपुरिया, पार्क टाउन और अर्बन होम्स में खरीदारों की रुचि और प्रॉपर्टी की कीमतों के आधार पर प्लॉट की कीमतों में 35 से 40 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
औद्योगिक क्षेत्र की संपत्तियों, व्यावसायिक संपत्तियों और कृषि भूमि की दरों में 15 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित है। आमतौर पर फ्लैटों की कीमतों में 20 प्रतिशत और वेव सिटी में फ्लैटों की कीमतों में 40 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
विकास दर विश्लेषण
स्थान | पिछली दर (रुपये प्रति वर्ग मीटर में) | प्रस्तावित दर (रुपये प्रति वर्ग मीटर में) |
---|---|---|
गांधीनगर | 1,05,600 | 1,21,000 |
अम्बेडकर रोड | 1,05,600 | 1,21,000 |
कौशांबी | 93,000 | 1,07,000 |
वैशाली | 87,000 | 1,00,000 |
डेल्टा कॉलोनी | 87,000 | 1,00,000 |
इंदिरापुरम | 85,000 | 98,000 |
जीटी रोड (मोहन नगर से ज्ञानी बॉर्डर) | 85,000 | 98,000 |
वसुन्धरा | 72,000 | 83,000 |
हापुड रोड (दिल्ली गेट से डासना) | 66,000 | 76,000 |
नेहरू नगर | 55,000 | 63,000 |
कवि नगर | 62,000 | 71,000 |
राज नगर | 70,000 | 90,000 |
राज नगर एक्सटेंशन | 35,000 | 42,000 |
क्रॉसिंग रिपब्लिक | 41,800 | 48,000 |
संपत्तियों का प्रस्तावित सर्किल रेट प्रकाशित कर दिया गया है। इस पर आपत्तियाँ और सुझाव मांगे गए हैं, जिनका समाधान करके जल्द ही सर्किल रेट प्रकाशित कर दिया जाएगा। इसके बाद, नए सर्किल रेट पर संपत्ति खरीदी जा सकेगी। - पुष्पेंद्र कुमार, एआईजी स्टांप।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।