Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    लोनी में एक महिला की संदिग्ध मौत, पुलिस में मामला दर्ज; ससुराल वालों पर लगाया यह आरोप

    By prabhat pandey Edited By: Rajesh Kumar
    Updated: Wed, 21 May 2025 11:16 PM (IST)

    लोनी में एक महिला की संदिग्ध मौत हो गई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए निशा को प्रताड़ित करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि हुई है।

    Hero Image
    पुलिस मामले की जांच कर रही है। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, लोनी। अंकुर विहार थाना क्षेत्र की कमल विहार कॉलोनी में मंगलवार रात महिला की मौत के मामले में उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मैनपुरी चांदनपुर थाना भोगांव के हसमुद्दीन ने एफआईआर में बताया कि उसने अपनी बेटी निशा की शादी जून 2017 में कमल विहार कॉलोनी निवासी ट्रक चालक रिंकू खान से की थी। शादी में उसने अपनी क्षमता के अनुसार दान दहेज दिया था।

    आरोप है कि बेटी के ससुराल वाले उसके द्वारा दिए गए दहेज से खुश नहीं थे। शादी के बाद से ही सास वहीदन, ससुर इसाक, ननद रुबीना, देवर इसरार और ननद चांदनी आए दिन उसे मारते-पीटते और परेशान करते थे। इस बीच बेटी ने दो बेटों और एक बेटी को जन्म दिया।

    इसके बावजूद उनके व्यवहार में बदलाव नहीं आया। उसने बताया कि मंगलवार रात साढ़े 11 बजे बेटी ने अपने भाई मोनिस को फोन करके बताया कि उसके ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की है। वो उसे जान से मारने की बात कह रहे हैं।

    भाई तुम आकर मुझे यहां से ले जाओ। जिस पर भाई ने कहा कि वह अगले दिन ससुराल आएगा। अगले दिन सुबह दामाद ने फोन कर बेटी की मौत की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस से बेटी के ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

    सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अजय कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि होने की बात कही जा रही है।