30 साल से फरार खालिस्तानी आतंकी दबोचा गया, गाजियाबाद में किराए पर एक साल रहा था मंगत सिंह; पड़ोसियों में मचा हड़कंप
गाजियाबाद पुलिस और एटीएस की नोएडा टीम ने बुधवार देर रात प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स के फरार आतंकी मंगत सिंह को दबोच लिया। आतंकी म ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस और एटीएस की नोएडा टीम ने बुधवार देर रात प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स के फरार आतंकी मंगत सिंह को दबोच लिया। आतंकी मंगत सिंह को विवेकानंद नगर से गिरफ्तार किया गया है जो 30 साल से फरार चल रहा था।
एक साल विवेकानंद नगर में रहा था आतंकी
सुरक्षा एजेंसियों की गिरफ्त में आए खालिस्तानी कमांडो फोर्स से जुड़ा आतंकी मंगत सिंह उर्फ मंगा को पुलिस आज कोर्ट में पेश करेगी। आरोपित को एटीएस और साहिबाबाद पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया है कि आतंकी 35 साल पहले विवेकानंद नगर में किराए पर रहा था। विवेकानंद नगर निवासी वीर सिंह के मकान में एक साल मंगत सिंह एक महिला के साथ रहा था।
पड़ोसियों से बात नहीं करता था मंगत
वीर सिंह की पत्नी बाला देवी का कहना है कि वह बीते 50 वर्षों से इस मकान में रह रहे हैं। मंगत सिंह वर्ष 1990 में एक महिला के साथ जब किराए पर रहने आया था तब उसने महिला को अपनी पत्नी बताया था। खुद एक निजी कंपनी में नौकरी करना बताया था।
मंगत सिंह और महिला किसी पड़ोसी से ज्यादा बात नहीं करते थे। वर्ष 1990 के आखिरी दिनों में मंगत सिंह को पुलिस गिरफ्तार करके ले गई थी। उसकी पत्नी भी कुछ दिन बाद ही मकान खाली करके चली गई थी। उसके बाद उन्हें कुछ नहीं पता है।
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल का कहना है कि मंगत सिंह को एटीएस के साथ साहिबाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित पर साहिबाबाद थाने में चार मुकदमे दर्ज हैं। मंगत सिंह को एडिशनल सिविल जज जूनियर डिविजन कोर्ट संख्या चार के सामने दोपहर बाद पेश किया जाएगा।
25,000 रुपये का ईनाम था घोषित
मगत सिंह कई मुकदमों में लगातार फरार चल रहा था, जिस पर गाजियाबाद पुलिस द्वारा 25,000 रुपये का ईनाम भी घोषित किया गया था। मगत सिंह उर्फ मंगा का सगा भाई संगत सिंह पुत्र गुरदत्त सिंह प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स का चीफ था जो कि साल 1990 में पंजाब पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।