शहीद स्थल न्यू बस अड्डा रेड लाइन पर आज से दौड़ेगी मेट्रो
आज मेट्रो का संचालन सुबह सात से 11 व शाम चार से आठ बजे तक होगा जबकि 12 सितंबर से संचालन का समय सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक कर दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : शहीद स्थल न्यू बस अड्डा रेड लाइन पर आज यानी बृहस्पतिवार से मेट्रो का संचालन होगा। मेट्रो संचालन को लेकर इस रूट पर पड़ने वाले सभी आठ स्टेशन यात्रियों के लिए तैयार हैं। बुधवार को सभी स्टेशनों को सैनिटाइज किया गया और स्टेशनों के आसपास नगर निगम ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई।
बृहस्पतिवार सुबह करीब छह माह बाद शहीद स्थल न्यू बस अड्डा स्टेशन से मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा। आज मेट्रो का संचालन सुबह सात से 11 व शाम चार से आठ बजे तक होगा, जबकि 12 सितंबर से संचालन का समय सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक कर दिया जाएगा। प्रशासन के निर्देश के बाद मेट्रो संचालन को लेकर संबंधित विभागों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
रेड लाइन शहीद स्थल से रिठाला दिल्ली तक जाती है। इस रूट पर जिले में आठ स्टेशन शहीद स्थल (नया बस अड्डा), हिडन रिवर, अर्थला, मोहन नगर, श्याम पार्क, मेजर मोहित शर्मा राजेंद्र नगर, राजबाग, शहीद नगर आते हैं। इन सभी स्टेशनों पर व्यवस्था पूरी कर ली गई है। कोविड-19 व डीएमआरसी की गाइडलाइन का करना होगा पालन
मेट्रो में सफर के दौरान यात्रियों को कोविड-19 व डीएमआरसी की गाइडलाइन का पालन करना होगा। इसके तहत मेट्रो के प्रत्येक कोच में 50 से अधिक सवारी सफर नहीं कर सकेंगी। मेट्रो स्टेशन में प्रवेश के दौरान हाथों को सैनिटाइज कर थर्मल स्क्रीनिग की जाएगी। शरीर का तापमान अधिक होने पर यात्री को सफर की अनुमति नहीं होगी। बिना मास्क के यात्रियों को स्टेशन व मेट्रो में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। भीड़ पर रखी जाएगी खास निगाह
प्रशासन की सख्त हिदायत है कि मेट्रो संचालन के दौरान स्टेशन व आसपास भीड़ एकत्र न हो। इसके लिए पुलिस व सिविल डिफेंस के वार्डनों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये लोग स्टेशनों पर तैनात रहकर स्टेशन में आने वालों से शारीरिक दूरी का पालन कराएंगे और मेट्रो के कोच के हिसाब से यात्रियों को भीतर भेजेंगे। इसके साथ ही यातायात पुलिस मेट्रो स्टेशनों के आसपास सुचारु यातायात की व्यवस्था पूर्ण कराएगी। मेट्रो के संचालन को लेकर पूर्व में ही संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए थे। सभी ने मेट्रो संचालन के लिए व्यवस्था पूरी कर ली है। आज सुबह से कोविड-19 व डीएमआरसी की गाइडलाइन का पालन करते हुए शहीद स्थल न्यू बस अड्डा से मेट्रो का संचालन कराया जाएगा।
-अजय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।