विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता के हाथों के इशारे समझते-समझते मनीषा ने सीखी सांकेतिक भाषा, अब गाजियाबाद के सैकड़ों मूक-बधिरों की बनीं आवाज

Published: Sat, 21 Nov 2026 08:47 AM (IST)

मनीषा ने अपने मूक-बधिर पिता से सांकेतिक भाषा सीखी और अब गाजियाबाद में सैकड़ों मूक-बधिर लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ रही हैं। वह एक सांकेतिक भाषा दुभाषिया के रूप में काम करती हैं।

मूक बधिरों को साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर के माध्यम से सिखाते हुए मनीषा। स्वयं

मूक बधिरों को साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर के माध्यम से सिखाते हुए मनीषा। स्वयं

HighLights

  1. मनीषा ने पिता के इशारों से सीखी सांकेतिक भाषा।

  2. गाजियाबाद में सैकड़ों मूक-बधिरों की बनीं आवाज।

  3. संवाद की कमी दूर कर रही हैं मनीषा।

शाहनवाज अली, गाजियाबाद। एक बेटी ने बचपन में अपने पिता के हाथों के इशारों को समझने की कोशिश की थी। तब शायद उसे अंदाजा भी नहीं था कि यही कोशिश एक दिन उसके जीवन का उद्देश्य बन जाएगी। पिता की खामोशी को समझते-समझते मनीषा ने सांकेतिक भाषा को अपनी ताकत बनाया और आज इसी के जरिये सैकड़ों मूक-बधिर लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही हैं।

पिता को हाथों के इशारों से बातचीत करते देखा

शहर के नंदग्राम में रहने वाली मनीषा गाजियाबाद डेफ एसोसिएशन और नींव शक्ति संस्थान के साथ साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर (भारतीय सांकेतिक भाषा दुभाषिया) के रूप में कार्यरत है। उनकी इस यात्रा की शुरुआत उनके घर से हुई। उनके पिता राम बहादुर स्वयं मूक-बधिर हैं। बचपन में मनीषा ने पिता को हाथों के इशारों से बातचीत करते देखा। दूसरों की तरह बोलकर अपनी बात कहने वालों की तरह उनके पिता ऐसा नहीं कर पाते थे।

सरकारी कार्यालय में अपनी समस्या रखना आसान नहीं

मां ने पूछने पर बताया कि मूक-बधिर व्यक्ति सांकेतिक भाषा से अपनी बात और भावनाएं व्यक्त करते हैं। इसके बाद मनीषा ने पिता के साथ समय बिताकर और उनके दोस्तों को देखकर इस भाषा को सीखा।

मूक-बधिर व्यक्तियों के लिए बाजार में खरीदारी, अस्पताल में बीमारी बताना, सार्वजनिक परिवहन में सफर करना या सरकारी कार्यालय में अपनी समस्या रखना उनके लिए आसान नहीं होता।

कई बार अपनी बात समझाने के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है। यह स्थिति देखकर मनीषा ने तय किया कि वह सांकेतिक भाषा के माध्यम से ऐसे लोगों की मदद करेंगी, ताकि संवाद की कमी उनके आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के रास्ते में बाधा न बने।

सात साल से सेवा का सफर

मनीषा को इस क्षेत्र में करीब सात साल का अनुभव हो चुका है। उनके लिए यह महज नौकरी नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा काम है। वह मूक-बधिर लोगों की बात दूसरों तक पहुंचाने के साथ उनकी जरूरतों और भावनाओं को भी समझती हैं। उनका कहना है कि अब मूक बधिर समुदाय के लोग उनके लिए परिवार का हिस्सा हैं।

यह भी पढ़ें- यक्ष एप ने खोली टप्पेबाजों की पोल, सीसीटीवी से चेहरा मिलाकर गाजियाबाद पुलिस ने दबोचे दो आरोपित

यह भी पढ़ें- दिल्ली की हवा में मामूली सुधार, 270 पर पहुंचा AQI; रविवार को फिर बढ़ सकता है प्रदूषण का स्तर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।