विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की हवा में मामूली सुधार, 270 पर पहुंचा AQI; रविवार को फिर बढ़ सकता है प्रदूषण का स्तर

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:48 PM (IST)

दिल्ली की हवा में मामूली सुधार हुआ है, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 270 पर पहुंच गया है, लेकिन सुबह के समय प्रदूषण का स्तर 350-500 के बीच रहने की आशंका है।

दिल्ली के एक्यूआई में सुधार। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली के एक्यूआई में सुधार। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. दिल्ली का एक्यूआइ 270 पहुंचा, हवा में मामूली सुधार।

  2. सुबह के समय प्रदूषण 350-500 के बीच रहने की आशंका।

  3. रविवार को हवा फिर बहुत खराब श्रेणी में पहुंच सकती है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की हवा में शुक्रवार को मामूली सुधार दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 10 अंकों की गिरावट के साथ 270 पर पहुंच गया, जो खराब श्रेणी में है। हालांकि, सुबह के समय प्रदूषण का स्तर अभी कुछ दिन और 350 से 500 के बीच रहने की आशंका है।

मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया के मुताबिक, दिल्ली एवं एनसीआर में प्रदूषण के सबसे खराब दिन फिलहाल बीत चुके हैं, लेकिन तापमान में गिरावट और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण रात और सुबह के समय हवा की गुणवत्ता खराब बनी रहेगी।

शुक्रवार को सीजन की सबसे ठंडी सुबह

उधर, दिल्ली में शुक्रवार को इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है।

शाम चार बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 57 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 38 पर हवा खराब, 15 पर बहुत खराब और चार केंद्रों पर मध्यम श्रेणी में रही। सबसे खराब स्थिति सीरी फोर्ट में दर्ज की गई, जहां एक्यूआइ 354 तक पहुंच गया।

पीएम 2.5 में सर्वाधिक हिस्सेदारी किसकी?

एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के रियल टाइम सोर्स अपार्शनमेंट आकलन के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में सबसे ज्यादा 27.2 प्रतिशत हिस्सेदारी सेकेंडरी आर्गेनिक एयरोसोल की रही। इसके बाद पराली और घरेलू ईंधन के रूप में लकड़ी व उपले जलाने से 21.2 प्रतिशत प्रदूषण हुआ।

कचरा जलाने की हिस्सेदारी 19.4 प्रतिशत और वाहनों से निकलने वाले धुएं की 16.6 प्रतिशत रही। सेकेंडरी इनआर्गेनिक एयरोसोल से 10.4 प्रतिशत, कोयला जलाने से 2.5 प्रतिशत, सड़क की धूल और मिट्टी से 2.3 प्रतिशत तथा औद्योगिक स्रोतों से 0.3 प्रतिशत प्रदूषण का अनुमान है।

रविवार को फिर बहुत खराब हो सकती हवा

एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को इसके फिर बहुत खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका है। अगले छह दिनों तक वायु गुणवत्ता खराब से बहुत खराब श्रेणी के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया ने इंटरनेट मीडिया पर कहा कि तापमान में उलटफेर (टेम्परेचर इनवर्जन), दिल्ली की भौगोलिक स्थिति और शहरी फैलाव के कारण रात और सुबह प्रदूषण का स्तर अन्य महानगरों के मुकाबले अधिक रहेगा। सुबह के समय एक्यूआइ 350 से 500 के बीच रह सकता है, हालांकि दोपहर में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर होगी।

हवा में प्रदूषण फैलने की रफ्तार भी धीमी

पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम मिक्सिंग डेप्थ करीब 1100 मीटर रही। शनिवार को यह 1400 मीटर, रविवार को 1450 मीटर और सोमवार को 1400 मीटर हो सकती है। मिक्सिंग डेप्थ बताती है कि प्रदूषक हवा में कितनी ऊंचाई तक फैल सकते हैं। इसकी कम ऊंचाई प्रदूषण को जमीन के नजदीक जमा रखती है।

वहीं, वेंटिलेशन इंडेक्स शुक्रवार को 2000, शनिवार को 3000, रविवार को 4500 और सोमवार को 6000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रहने का अनुमान है। 6000 से कम वेंटिलेशन इंडेक्स और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम हवा की रफ्तार प्रदूषकों के फैलाव के लिए प्रतिकूल मानी जाती है।

सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा तापमान

शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में 10.9, लोधी रोड में 11.1, रिज में 13.1 और आया नगर में 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली मेट्रो ने बदली टाइमिंग, दीपावली चौक-मजलिस पार्क रूट पर शनिवार से देर से चलेगी पहली मेट्रो

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।