यक्ष एप ने खोली टप्पेबाजों की पोल, सीसीटीवी से चेहरा मिलाकर गाजियाबाद पुलिस ने दबोचे दो आरोपित
गाजियाबाद पुलिस ने यक्ष एप और सीसीटीवी फुटेज की मदद से टप्पेबाजी की घटना का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 1.70 लाख रुपये बरामद किए हैं।

थाना क्राॅसिंग रिपब्लिक पुलिस द्वारा गिरफ्तार दो आरोपितों की जानकारी देतीं एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल। जागरण
HighLights
यक्ष एप ने गाजियाबाद में टप्पेबाजों की पहचान करने में मदद की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा।
आरोपियों से 1.70 लाख रुपये और चोरी का सामान बरामद हुआ।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। टप्पेबाजी की एक घटना का पर्दाफाश करने में पुलिस के लिए उसका यक्ष एप कारगर साबित हुआ। 12 नवंबर को क्राॅसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र में दो आरोपित एक युवक को झांसे में लेकर उसका मोबाइल और बैग लेकर फरार हो गए थे।
आरोपितों से 1.70 लाख रुपये भी बरामद किए
आरोपितों ने पीड़ित से डेबिट कार्ड पिन और यूपीआई पिन भी पूछ लिया था। इसके बाद एटीएम से नकद निकासी के साथ ही यूपीआई के जरिए भी रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपितों के फोटो यक्ष एप में डालकर चेक किए तो एक युवक के चेहरे का मिलान हो गया। इसके बाद आरोपित दबोच लिए गए। आरोपितों से 1.70 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं।
लैपटाॅप, एटीएम कार्ड और 40 हजार रुपये नकद झटके
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के मुताबिक अलीगढ़ के बरला थाना क्षेत्र के परौरा गांव निवासी सौरभ कुमार ने 15 नवंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को क्रासिंग रिपब्लिक क्षेत्र स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति ने झूठी मजबूरी बताकर बात करने के लिए उनका फोन लिया और भाग निकला। जब सौरभ उनके पीछे भागे तो दूसरे साथी ने उनका बैग उठा लिया और दोनों फरार हो गए। बैग में लैपटाॅप, एटीएम कार्ड और 40 हजार रुपये नकद थे।
लोगों को बातों में फंसाकर मोबाइल ले लेते
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से मिले चेहरों का मिलान यक्ष एप पर किया गया, जिससे एक युवक की पहचान हापुड़ देहात के गिरधारी नगर निवासी रविंद्र उर्फ बौना के रुप में हुई। इसके बाद पुलिस ने रविंद्र और उससे मिली जानकारी के आधार पर उसके भतीजे लक्की को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह राह चलते लोगों को बातों में फंसाकर मोबाइल लेते थे।
मोबाइल नाले में फेंक दिए
उन्होंने सौरभ को भी पहले एक बैग में रुपये रखे होने का झांसा देकर एटीएम से 15 हजार रुपये निकलवाए और यूपीआई पिन पूछ लिया। बाद में उसका मोबाइल और बैग लेकर फरार हो गए। इसके बाद यूपीआई पिन का इस्तेमाल कर पेट्रोल पंप व जन सेवा केंद्रों के जरिए करीब 2.80 लाख रुपये मजबूरी बताकर लिए और मोबाइल नाले में फेंक दिए। रविंद्र पर पहले से हापुड़, सिहानी गेट और गौतमबुद्धनगर में टप्पेबाजी, बिजली चोरी व आबकारी अधिनियम के मामले दर्ज हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।