गाजियाबाद में पुलिस भर्ती की मेडिकल परीक्षा में ‘पास’ कराने के लिए वसूले 30 हजार, तीन आरोपित जेल भेजे गए
गाजियाबाद में पुलिस आरक्षी भर्ती की चिकित्सा परीक्षा में पास कराने के नाम पर 30-30 हजार रुपये वसूलने के आरोप में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

गिरफ्तार तीनों आरोपितों को शुक्रवार को मेरठ स्थित एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया गया।
HighLights
पुलिस भर्ती मेडिकल पास कराने को वसूली।
तीन आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा।
मोबाइल चैट, सीडीआर से खुलेंगे अन्य राज।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पुलिस आरक्षी भर्ती-2025 की चिकित्सा परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर 30-30 हजार रुपये की वसूली करने के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपितों को शुक्रवार को मेरठ स्थित एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मोबाइल चैट में खुलेंगे राज
मामले की जांच में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी संदिग्ध सामने आ रही है। पुलिस आरोपितों का पुलिस कस्टडी रिमांड लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही आरोपितों की काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) और मोबाइल चैट खंगाली जा रही है।
दो अभ्यर्थियों से 30-30 हजार रुपये वसूले
गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी में तैनात आरक्षी रहीश खान, हेड क्लर्क सुंदर सिंह और मसूरी के समयपुर निवासी बाहरी व्यक्ति चेतन को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि तीनों पुलिस आरक्षी भर्ती की चिकित्सा परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने का झांसा देकर रकम वसूल रहे थे। अब तक की जांच में दो अभ्यर्थियों से 30-30 हजार रुपये नकद लेने की बात सामने आई है।
अन्य लोगों के भी नाम हो सकते हैं उजागर
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों ने कितने अभ्यर्थियों से संपर्क किया था और कितने लोगों से रकम वसूली गई। इसके लिए तीनों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवाई जा रही है। मोबाइल फोन में मौजूद वाट्सएप और अन्य चैट की भी जांच की जा रही है। इससे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और अभ्यर्थियों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम में शामिल किसी सदस्य से आरोपितों का संपर्क था या नहीं। पीएसी के अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा के मुताबिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।