नोएडा में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई स्कूटी, गाजियाबाद के छात्र की मौत; हेलमेट पहनने से बची चालक दोस्त की जान
नोएडा सेक्टर 54 में ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी टकराने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरा कार्तिक घायल हो गया। ट्रैक्टर चालक के अचानक ब्रेक लगाने से हुए इस हादसे में मृतक के मामा ने केस दर्ज कराया है।
-1795196428183_m.webp)
नोएडा में ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी की टक्कर में युवक की मौत। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
नोएडा में स्कूटी-ट्रैक्टर टक्कर, एक किशोर की मौत।
अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, दूसरा किशोर घायल।
मृतक गुरुकुल में वेद आचार्य की शिक्षा ले रहा था।
जागरण संवाददाता, नोएडा। गाजियाबाद शास्त्री नगर के गुरुकुल में रहने वाले स्कूटी सवार आशू झा और कार्तिक नाम के दो किशोर नोएडा सेक्टर 54 में शहीद पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर-ट्राली से शुक्रवार सुबह करीब सात बजे टकरा गए। हादसा ट्रैक्टर चालक के एकाएक ब्रेक लगाने से हुआ।
स्कूटी पर पीछे बिना हेलमेट लगाए बैठे किशोर के सिर में चोट लगी। अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई, जबकि हेलमेट पहने स्कूटी चला रहे घायल किशोर का उपचार चल रहा है। मृतक किशाेर के मामा ने ट्रैक्टर चालक पर सेक्टर 24 थाने में केस दर्ज कराया है।
वेद आचार्य की शिक्षा ग्रहण कर रहा था मृतक
बिहार मुजफ्फरपुर के समभूता गांव का आशू झा गुरुकुल में वेद आचार्य की शिक्षा ग्रहण कर रहा था। वह यहां पर आठ साल से था। वह शुक्रवार को अपने दोस्त कार्तिक के साथ नोएडा सेक्टर 23 में पूजा करवाने आया था। पूजा के बाद दोनों स्कूटी से गाजियाबाद लौट रहे थे।
कार्तिक हेलमेट पहनकर स्कूटी चला रहा था, जबकि आशू बिना हेलमेट लगाए पीछे बैठा था। सेक्टर 54 में शहीद पेट्रोल पंप के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने एकाएक ब्रेक लगा दिए। इससे एकाएक स्कूटी ट्राली से टकरा गई। दोनों ट्राली से टकराकर सड़क पर गिर गए।
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
आशू के सिर से खून बहने लगा। राहगीरों ने पुलिस की मदद से आशू और कार्तिक को सेक्टर 71 के एक अस्पताल पहुंचाया। वहां पर चिकित्सकों ने आशू को मृत घोषित कर दिया, जबकि कार्तिक का उपचार चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
थाना प्रभारी उमेशचंद्र नैथानी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया गया। आशू के मामा रमेश मिश्रा की शिकायत पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनाें वाहनों को कब्जे में ले लिया।
यह भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट से सीधे जुड़ेगा 'नया नोएडा', बनेगा 72 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेसवे; मास्टर प्लान तैयार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।