जेवर एयरपोर्ट से सीधे जुड़ेगा 'नया नोएडा', बनेगा 72 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेसवे; मास्टर प्लान तैयार
दादरी नोएडा गाजियाबाद विशेष क्षेत्र (डीएनजीआइआर) के रूप में 'नया नोएडा' बसाने की तैयारी तेज हो गई है, जिसे जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 72 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।

HighLights
नया नोएडा को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा।
72 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे का प्रस्ताव तैयार।
23 नवंबर को कनेक्टिविटी योजना पर होगी बैठक।
कुंदन तिवारी। नोएडा। दादरी नोएडा गाजियाबाद विशेष क्षेत्र (डीएनजीआइआर) के रूप में ‘नया नोएडा’ बसाने की तैयारी तेज हो गई है। इसको जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे जोड़ने की योजना पर भी काम चल रहा है। इसके लिए 72 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी देने की तैयारी है।
प्रस्ताव के तहत बुलंदशहर के आसपास रोटरी बनाने की योजना है, जिससे शहर से एयरपोर्ट पहुंचना आसान होगा। इस प्रस्ताव पर 23 नवंबर को शासन स्तर पर बैठक होगी। इसमें चोला के पास 2600 एकड़ जमीन और इंटरचेंज बनाने के विकल्प पर चर्चा की जाएगी। बैठक में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश भी शामिल होंगे।
क्या है नया नोएडा मास्टर प्लान?
बता दें कि ‘नया नोएडा’ का मास्टर प्लान 209.11 वर्ग किलोमीटर यानी 20,911.29 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार किया गया है। इसे गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर के 80 गांवों की जमीन पर विकसित किया जाना है। शहर में करीब छह लाख लोगों के रहने का लक्ष्य है।
चार चरणों में विकसित होगा पूरा शहर
प्राधिकरण गांवों में चौपाल लगाकर किसानों को परियोजना की जानकारी दे रहा है और आपसी सहमति से जमीन लेने की कोशिश कर रहा है। शहर को चार चरणों में विकसित किया जाएगा।
पहले चरण में 2023 से 2027 तक 3165 हेक्टेयर, दूसरे में 2027 से 2032 तक 3798 हेक्टेयर, तीसरे में 2032 से 2037 तक 5908 हेक्टेयर और चौथे में 2037 से 2041 तक 8230 हेक्टेयर क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव है।
500 से भी ज्यादा किसानों ने दी सहमति
डीएनजीआइआर के ओएसडी क्रांति शेखर सिंह ने बताया कि 209.11 वर्ग किलोमीटर में विकसित होने वाले इस शहर के लिए अब तक 500 से अधिक किसानों ने जमीन देने पर सहमति जताई है। प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के साथ प्रशासनिक ढांचा तैयार करना भी शुरू कर दिया है।
सिकंदराबाद के पास बनेगा अस्थायी कार्यालय
इसी क्रम में सिकंदराबाद के पास तीन हजार वर्गफीट की इमारत में ‘नया नोएडा’ का अस्थायी कार्यालय 15 दिसंबर तक शुरू किया जाएगा। किसानों की समस्याएं सुनने और जमीन अधिग्रहण से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए कार्यालय बनाया जा रहा है।
यहां सीईओ, ओएसडी, सर्किल अधिकारी और लेखपाल बैठेंगे। इससे किसानों को अपनी समस्याओं के लिए नोएडा नहीं आना पड़ेगा और अधिग्रहण संबंधी काम में तेजी आएगी। फिलहाल अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी है।
इसे दूर करने के लिए जल्द ही ‘नया नोएडा’ के लिए तहसीलदारों की तैनाती की जाएगी। कार्यालय शुरू होने से किसानों से संवाद और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर आगे बढ़ सकेगी।
यह भी पढ़ें- नोएडा में बनेगा नया फ्लाईओवर, IIT रुड़की भेजी गई DPR; 2 लाख लोगों को मिलेगा फायदा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।