नोएडा में बनेगा नया फ्लाईओवर, IIT रुड़की भेजी गई DPR; 2 लाख लोगों को मिलेगा फायदा
Noida Authority ने सेक्टर-148 और 150 के बीच बनने वाले आर्क टाइल फ्लाईओवर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) आईआईटी रुड़की को मंजूरी के लिए भेजी है।
-1795180717766_m.webp)
नोएडा में एक नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा। (फोटो AI से जनरेट कराई गई है।)
HighLights
सेक्टर 148-150 फ्लाईओवर की डीपीआर आईआईटी रुड़की को भेजी गई।
84.16 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा 610 मीटर लंबा फ्लाईओवर।
डेढ़ साल में पूरा होगा, दो लाख लोगों को मिलेगा सीधा लाभ।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-148 और सेक्टर-150 के बीच बनने वाले आर्क टाइल फ्लाईओवर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) परीक्षण और मंजूरी के लिए आईआईटी रुड़की भेज दी है।
उम्मीद है कि अगले 15 दिन में इसे मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
प्राधिकरण महाप्रबंधक एके अरोड़ा ने बताया कि फ्लाईओवर नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे को पार करते हुए बनाया जाएगा। परियोजना की डीपीआर तैयार कर ली गई है और आईआईटी से मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य
फ्लाईओवर के निर्माण पर करीब 84 करोड़ 16 लाख रुपये खर्च होंगे। इसकी लंबाई 610 मीटर और चौड़ाई साढ़े नौ मीटर होगी। काम शुरू होने के बाद इसे डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य है।
बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी
अरोड़ा ने बताया कि सेक्टर-148 और 150 को समर्पित एवं सीधी सड़क सुविधा देने के लिए यह योजना बनाई गई है। ग्रेड सेपरेटर फ्लाईओवर से इन दोनों सहित आसपास के अन्य सेक्टरों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
दो लोगों को मिलेगा फायदा
इसके बनने से सेक्टर-148, 149, 150, 151, 152 और 153 के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। इससे करीब दो लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
सेक्टर-150, 151 और 152 स्पोर्ट्स सिटी परियोजना का हिस्सा हैं। इन तीनों सेक्टरों में करीब 30 हजार फ्लैट और हजारों भूखंडों पर मकान बनाने प्रस्तावित हैं। इनमें से कई फ्लैट बन चुके हैं और लोग उनमें रह रहे हैं।