लोनी में अतिक्रमण ने निगली हरियाली, प्रदूषण से घुट रही 17 लाख लोगों की सांसें
गाजियाबाद के लोनी में ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण और पेड़ों के खराब रखरखाव के कारण प्रदूषण तेजी से बढ़ा है। ...और पढ़ें

लोनी में ग्रीन बेल्ट पर हुआ कब्जा। जागरण
HighLights
लोनी में ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण से हरियाली घटी।
नगर पालिका की अनदेखी से प्रदूषण में वृद्धि हुई।
17 लाख आबादी की सांसों पर मंडराया प्रदूषण का संकट।
संवाद सहयोगी, लोनी(गाजियाबाद)। प्रदूषण से मुक्ति के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने के दावे किए जाते हैं लेकिन जब इनकी रखवाली न हो तो खामियाजा सांसों को भुगतना पड़ता है।
सबसे अधिक प्रदूषित रहने वाले लोनी में हरियाली को अतिक्रमण खा गया। ग्रीन बेल्ट पर कब्जे से हरियाली यहां तेजी से घटी और प्रदूषण उतनी ही तेजी से बढ़ता रहा।
दिल्ली-सहारनपुर मार्ग और लोनी गाजियाबाद मार्ग किनारे ग्रीन बेल्ट पर दुकानदारों ने अतिक्रमण किया हुआ है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका के अधिकारी अतिक्रमण पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
प्रशासन की कार्रवाई भी साबित हो रही नाकाफी
प्रशासन लोनी में लगातार प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। बावजूद इसके शहर के अमित विहार, रूप नगर, आर्यनगर, बेहटा हाजीपुर समेत अन्य स्थानों में सैकड़ों प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं लेकिन प्रदूषण का कारण सिर्फ फैक्ट्रियां ही नहीं बल्कि पेड़-पौधों का सही रखरखाव न होना भी है।
दिल्ली-सहारनपुर रोड पर राम पार्क, खन्ना नगर, बलराम नगर, इंद्रापुरी, आदि कालोनियों के बाहर अतिक्रमण कर ग्रीन बेल्ट पर कब्जा किया हुआ है। लोगों ने अधिकारियों से अभियान चलाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर सर्विस रोड किनारे ग्रीन बेल्ट पर पौधारोपण कराए जाने की मांग की है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि प्रदूषण की रोकथाम के लिए नगर पालिका के सहयोग से कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में भोपुरा-लोनी मार्ग पर बनेगा नया फुट ओवर ब्रिज, पैदल यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
यह भी पढ़ें- जिम्मेदारों की अनदेखी से लोनी के फेफड़े हुए बीमार, 17 लाख आबादी की सांसों पर संकट; क्या हैं प्रदूषण के 5 बड़े कारण?
एनजीटी के आदेशों के अनुसार शहर में जहां ग्रीन बेल्ट बनी हुई हो, उनमें ज्यादा से ज्यादा पेड़-पौधे लगाए जाने चाहिए। इन सबकी निगरानी व अवैध कब्जे हटवाने संबंधित जिम्मेदारी जीडीए और नगर पालिका परिषद की होती है।
- कमल ढाका, स्थानीय निवासी
लोनी प्रदूषण के मामले सबसे ज्यादा बदनाम है। इसके बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारी ग्रीन बेल्ट से अवैध कब्जे हटवाने का नाम नहीं ले रहे।
- संजीव शर्मा, स्थानीय निवासी
दुकानदारों ने ग्रीन बेल्ट को पूरी तरह से कब्जा कर रखा है। कई दुकानदारों ने डस्ट, रोड़ी और बालू के ढेर लगा रखे हैं, जिसके कण उड़कर राहगीरों की आंखों और सांसों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
- मंजू वर्मा, स्थानीय निवासी
ग्रीन बेल्ट पर कब्जे को जल्द ही अभियान चलाकर हटवाया जाएगा। कब्जा करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लगातार ग्रीन बेल्ट को विकसित कराया जा रहा है।
- कृष्ण कांत मिश्र, ईओ नगरपालिका परिषद लोनी
