विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खोड़ा में पानी पर ‘क्रेडिट वॉर’: नलकूप के उद्घाटन को लेकर आमने-सामने आए मंत्री और पालिका अध्यक्ष

Published: Tue, 14 Apr 2026 06:00 AM (IST)

खोड़ा में पानी की समस्या को लेकर राजनीतिक खींचतान तेज हो गई है। नगर पालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा ने नलकूपों ...और पढ़ें

खोड़ा में नलकूप का उद्धाटन करतीं पालिकाअध्यक्ष मोहनी शर्मा। जागरण

खोड़ा में नलकूप का उद्धाटन करतीं पालिकाअध्यक्ष मोहनी शर्मा। जागरण

HighLights

  1. खोड़ा में पानी की समस्या पर राजनीतिक विवाद गहराया।

  2. नगर पालिका अध्यक्ष ने नलकूपों का उद्घाटन किया।

  3. कैबिनेट मंत्री ने इसे जनता को गुमराह करने वाला बताया।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। खोड़ा में पानी की समस्या के निदान को लेकर सियासत गर्मा गई है। पेयजल को लेकर श्रेय लेने की हाेड़ मची हुई है।

खोड़ा में जलापूर्ति के लिए पानी की पाइप लाइन बिछाने व नलकूपों के माध्यम से पानी घर-घर तक पहुंचाने के लिए जिस योजना का 16 अप्रैल को साहिबाबाद विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा का शिलान्यास करना था, उसका सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा ने नलकूप चलाकर उद्घाटन करने का दावा किया। जबकि सुनील शर्मा ने इसे जनता को गुमराह करने वाला स्टंट बताया है।

सोमवार को एक पत्रकार वार्ता में नगर पालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा ने कहा कि उन्हें कैबिनेट मंत्री द्वारा 16 अप्रैल को योजना के शिलान्यास करने की अधिकारिक सूचना नहीं मिली।

पानी चलाकर उद्घाटन किया

उन्होंने बताया कि खोड़ा में वर्तमान में चार नलकूप लगाए गए हैं, सोमवार को उन्होंने पानी चलाकर इनका उद्घाटन किया। उनका कहना है कि नगर पालिका परिषद द्वारा खोड़ा में 20 नलकूप स्थापित किए जाने हैं, जिनके माध्यम से पाइप लाइन द्वारा पानी घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए काम तेजी से चल रहा है।

जल्द ही लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। मोहिनी शर्मा ने बताया कि जुलाई तक लोगों को घर बैठे पानी मिलना शुरू हो जाएगा। पहले चरण में 12 वार्डों में पानी उपलब्ध कराया जाएगा और इसके बाद दूसरे वार्डों को भी पानी मिलेगा।

लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया

उन्होंने सरकार पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए 187 करोड़ रुपये की अमृत योजना को अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई योजना जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रही है।

वहीं कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा का कहना है कि 2007 में उन्होंने विधायक रहते हुए दो टंकियों का निर्माण कराया था। इनके माध्यम से दो वार्डों में पानी की आपूर्ति की जा रही थी। एक नलकूप की मोटर खराब हो गई थी। इसकी रिपेयरिंग कराई गई है।

इस मोटर को चलाकर नगर पालिका अध्यक्ष ने रिपेयरिंग कार्य का उद्घाटन कर लोगों को भ्रमित किया है। यह काम भी उनके द्वारा ही कराया गया था। कैबिनेट मंत्री का कहना है कि 15वें वित्त आयोग से पानी की सप्लाई की योजना का शिलान्यास उनके द्वारा विधिवत तरीके से 16 अप्रैल को होगा।

यह भी पढ़ें- खोड़ा वालों के लिए बड़ी खबर, 17 वार्डों में पानी की किल्लत होगी दूर; योगी सरकार दे रही सौगात

यह भी पढ़ें- खोड़ा में दोहरे हत्याकांड का छठा आरोपित गिरफ्तार, भेजा जेल; ढाबे पर खाना मांगने को लेकर हुआ था विवाद









मुझे कैबिनेट मंत्री के शिलान्यास कार्यक्रम की कोई अधिकारिक जानकारी नहीं थी। सरकारी कार्यक्रम की जानकारी मुझे दी जानी चाहिए थी। हमारे द्वारा कराये गए कार्य का हमने उद्घाटन किया है।

-

मोहिनी शर्मा, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद, खोड़ा-मकनपुर

नगर पालिका अध्यक्ष ने 20 साल पुरानी मेरी योजना में ही रिपेयरिंग कार्य का उद्घाटन कर खोड़ा की जनता को भ्रमित करने का काम किया है। मैं विधिवत रूप से योजना का 16 अप्रैल काे शिलान्यास करूंगा।

-

सुनील शर्मा, विधायक एवं कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार