खोड़ा वालों के लिए बड़ी खबर, 17 वार्डों में पानी की किल्लत होगी दूर; योगी सरकार दे रही सौगात
खोड़ा के 17 वार्डों में पेयजल संकट दूर करने के लिए पाइपलाइन, ट्यूबवेल और भूमिगत जलाशय के प्रस्तावों को मंजूरी ...और पढ़ें

साहिबाबाद स्थित खोड़ा का ओवर व्यू। जागरण
HighLights
खोड़ा के 17 वार्डों में पेयजल समस्या का समाधान।
पाइपलाइन, ट्यूबवेल, भूमिगत जलाशय के प्रस्ताव स्वीकृत।
कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा करेंगे योजनाओं का शिलान्यास।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित खोड़ा के 17 वार्डों में पेयजल की समस्या को समाप्त करने के लिए पाइपलाइन, ट्यूबवेल और भूमिगत जलाशय के प्रस्तावों को स्वीकृति मिल गई है। कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा 16 तारीख को इन योजनाओं का शिलन्यास करेंगे।
जिलाधिकारी के आदेशानुसार 15वें वित्त आयोग से नगर पालिका परिषद खोड़ा मकनपुर के 17 वार्डों में पेयजल की समस्या को समाप्त करने के लिए काम किया जा रहा है। यहां पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन डालने, ट्यूबवेल और भूमिगत जलाशय का प्रस्ताव तैयार किया गया था।

इसकी ई-निविदा आमंत्रित कर कार्यों का कार्यादेश जारी किया जा चुका है। कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा वार्ड-3 आंबेडकर पार्क के सामने शिलान्यास करने आएंगे। 15वें वित्त आयोग की धनराशि से बैठक में स्वीकृति बाद निकाय के बचे हुए वार्डों में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा।
पानी के लिए मचती है मारामारी
खोड़ा में पेयजल की समस्या विकट है और पानी के लिए कई बार लोगों में मारामारी तक हो जाती है। यहां के कुछ वार्ड में भूजल है ही नहीं जबकि कुछ वार्ड में 900 से 1000 फीट तक पानी का स्तर पहुंच गया है। ऐसे में लोगों को पानी के लिए यहां बड़ी परेशानी उठानी पड़ती है। नगर पालिका कुछ वार्ड में टैंकरों के जरिये प्रतिदिन जलापूर्ति कराती है।
खाेड़ा में विकास कार्याें को लेकर प्रदेश सरकार प्राथमिकता पर योजनाओं का संचालन करा रही है। लोगों की समस्याओं के निस्तारण के लिए काम किया जा रहा है। भूमिगत जलाशय और ट्यूबवेल बनने से लोगों की परेशानी काफी हद तक कम हो सकेगी।
