गाजियाबाद में खराब मिठाई देने का आरोप लगा तीन बाउंसर लेकर दुकान पहुंचा युवक, व्यापारी को पीटा; वायरल हो रही फुटेज
गाजियाबाद के गोविंदपुरम में एक युवक ने खराब मिठाई देने का आरोप लगाकर तीन बाउंसरों के साथ मिठाई दुकानदार से मारपीट की। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है।
HighLights
युवक ने खराब मिठाई के आरोप में व्यापारी को पीटा।
तीन बाउंसरों के साथ दुकान पर पहुंचकर की मारपीट।
घटना का सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गोविंदपुरम इलाके में तीन बाउंसरों के साथ मिठाई की दुकान पर पहुंचे युवक ने व्यापारी से मारपीट कर दी। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
गोविंदपुरम में मिठाई की दुकान से एक युवक ने दीपावली पर मिठाई खरीदी। उसने मिठाई गिफ्ट कर दी थी। युवक का आरोप है कि उसे खराब मिठाई थमा दी गई। जिससे उसकी प्रतिष्ठा खराब हुई है। युवक तीन बाउंसरों के साथ दुकान पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में युवक गाली देते और बाउंसर के साथ व्यापारी पर हमला करता दिख रहा है। विरोध करने पर एक बाउंसर ने व्यापारी का हाथ पकड़ लिया और पूरी तरह आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया।
पीड़ित दुकानदार द्वारा गलती स्वीकार करने और स्थिति संभालने की कोशिश करने के बावजूद दबंगई दिखा रहे युवकऔर उनके साथ आए बाउंसरों ने उसे गंदी-गंदी गालियां दीं और मारपीट पर उतारू हो गए। मामले में एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा ने बताया कि पीड़ित व्यापारी की शिकायत लेकर फुटेज के आधार पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।