विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में CM योगी के VVIP रूट से चोरी हो गए CCTV कैमरे, 48 में से 47 कैमरे गायब; बचा हुआ 1 भी खराब

Published: Wed, 18 Nov 2026 12:02 AM (IST)

गाजियाबाद की एलिवेटेड रोड से 48 में से 47 सीसीटीवी कैमरे चोरी हो गए हैं, जिससे वीवीआईपी मार्ग की सुरक्षा ...और पढ़ें

एलीवेटेड रोड के नीचे से गुजरती नमो भारत ट्रेन और यहीं से रेलवे लाइन से ट्रेनें गुजरती हैं। यहां पर नहीं लगा सीसीटीवी कैमरा। जागरण

एलीवेटेड रोड के नीचे से गुजरती नमो भारत ट्रेन और यहीं से रेलवे लाइन से ट्रेनें गुजरती हैं। यहां पर नहीं लगा सीसीटीवी कैमरा। जागरण

आशुतोष गुप्ता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम की वसुंधरा चौकी में हुए धमाके के बाद वीवीआईपी मानी जाने वाली 10 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड खतरे के साए में है।

एलिवेटेड रोड पर तीन साल पहले लगाए गए 48 में से 47 सीसीटीवी कैमरे चोरी हो चुके हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अक्सर इस रोड से दिल्ली आते-जाते हैं।

साथ ही अन्य वीवीआईपी मूवमेंट भी यहीं से होता है। ऐसे में सुरक्षा को खतरा है। दीवाली से पहले वसुंधरा पुलिस चौकी पर एलिवेटेड रोड से विस्फोटक फेंका गया था।

इसके बाद भी अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया है। अगर कैमरे लगे होते तो धमाके के आरोपी को पकड़ने में इतना समय नहीं लगता।

48 में से 47 कैमरे चोरी, बचा एक भी खराब

वर्ष 2023 में सुरक्षा की दृष्टि से एलिवेटेड रोड पर तत्कालीन डीसीपी सिटी निपुण अग्रवाल ने उद्यमियों की मदद से 12.50 लाख रुपये से 48 सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे।

एलिवेटेड रोड की निगरानी के लिए वसुंधरा चौकी में कैमरों का कंट्रोल रूम बनाया गया था, तब यहां स्टंटबाजी व रील बनाने के मामले काफी अधिक सामने आ रहे थे।

इन पर काबू पाने के लिए भी कैमरे लगवाए गए थे और पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई गई थी। कैमरे लगने के कुछ दिन बाद ही इनके तार चोरी हो गए थे।

वर्तमान में 48 में से 47 कैमरे चोरी हो गए हैं, सिर्फ एक कैमरा बचा है, लेकिन यह भी चालू हालत में नहीं है। ऐसे में एलिवेटेड रोड की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

नमो भारत, मेट्रो व रेलवे ट्रैक को भी खतरा

वसुंधरा पुलिस चौकी पर विस्फोटक एलिवेटेड रोड से ही फेंका गया था। इसी रूट पर गाजियाबाद-दिल्ली रेलवे ट्रैक, नमो भारत व मेट्रो का ट्रैक है। ऐसे में इनकी सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

कैमरे खराब होने के कारण आज तक चौकी पर धमाका करने वाले आरोपियों का सुराग नहीं लगा है। सवाल खड़ा होता है कि यदि भविष्य में कोई घटना हुई तो कैमरों के अभाव में जांच कैसे हो पाएगी।

वीवीआईपी रूट पर खामियां ही खामियां

हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से करहैड़ा रोड, नागद्वार, रोटरी गोल चक्कर और एलिवेटेड रोड से यूपी गेट को वीवीआईपी रूट माना जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्री व वीवीआईपी हिंडन एयरबेस पर उतरते हैं तो इसी मार्ग से होते हुए दिल्ली आते-जाते हैं।

दैनिक जागरण ने इस पूरे रूट की पड़ताल की तो एक भी कैमरा चालू हालत में नहीं मिला। करहैड़ा रोड पर दो कैमरे दिखाई दिए पर इनका फोकस भी सड़क की तरफ न होकर नीचे था।

आईटीएमएस योजना के कैमरे भी हुए खराब

नगर निगम ने आईटीएमएस योजना के तहत एलिवेटेड रोड पर एंट्री व एग्जिट प्वाइंट्स पर कैमरे लगाए थे। ये सभी कैमरे भी चालू हालत में नहीं हैं।

निगम ने अत्याधुनिक कैमरे लगाने और अपराधियों की पहचान आईटीएमएस कंट्रोल रूम से होने जैसे दावे भी किए थे। पुलिस ने वसुंधरा चौकी पर धमाके की घटना के बाद ये सभी कैमरे चालू कराने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को पत्र लिखा है।

नगर निगम को खराब कैमरे सही कराने के लिए पत्र लिखा गया है। एलिवेटेड रोड की सुरक्षा के लिए जल्द ही नए कैमरे लगवाए जाएंगे। कैमरे चोरी होने की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

- रिजुल, डीसीपी ट्रांस हिंडन

यह भी पढ़ें- 'क्या आप देह व्यापार करती हैं?' गाजियाबाद के 5-स्टार होटल की शर्मनाक करतूत; कोर्ट पहुंची रूसी महिला 

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही, 33 हजार नवजातों को पोलियो की दवा नहीं पिलाई; रिपोर्ट तलब


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।