'क्या आप देह व्यापार करती हैं?' गाजियाबाद के 5-स्टार होटल की शर्मनाक करतूत; कोर्ट पहुंची रूसी महिला
गाजियाबाद के एक पांच सितारा होटल में रूसी महिला ने कर्मचारियों पर अभद्र टिप्पणी और देह व्यापार का आरोप लगाने ...और पढ़ें

गाजियाबाद के होटल के खिलाफ रूसी महिला पहुंची कोर्ट। फोटो: एआई जनरेटेड
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। कौशांबी स्थित पांच सितारा होटल के कर्मचारियों पर रूसी महिला ने अपने साथ अभद्र टिप्पणी करने, चरित्र पर सवाल उठाने और राष्ट्रीयता के आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया है।
महिला का आरोप है कि कर्मचारी ने उनसे पूछा कि क्या वह देह व्यापार करती हैं? महिला अपने भारतीय मूल के मंगेतर के साथ होटल में पहुंची थी।
पुलिस से शिकायत के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने पर महिला ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
विवाह प्रमाणपत्र मांगा, चरित्र पर की टिप्पणी
रूसी महिला 13 नवंबर को अपने मंगेतर के साथ आगरा में अपने एक परिचित की शादी और ताजमहल घूमने के लिए दुबई से भारत आई थी।
सफर लंबा होने के कारण वह 13 से 14 नवंबर तक रूम बुक करने के लिए देवाशीष अपनी मंगेतर संग कौशांबी के होटल में गए।
पीड़िता का कहना है कि शाम करीब छह से सात बजे जब वह होटल पहुंचे तो रिसेप्शन पर मौजूद तीन कर्मचारियों ने उनसे विवाह प्रमाण पत्र मांगा।
जब उन्होंने अपने पासपोर्ट दिखाए तो एक कर्मचारी ने बिना कारण बताए उनका पासपोर्ट ब्लैकलिस्ट होने की बात कही। वहीं, दूसरे ने पूछा कि क्या वह देह व्यापार करती हैं।
एक अन्य कर्मचारी ने कहा कि यह परिवार के लोगों के ठहरने की जगह है, उनके जैसी महिला के लिए नहीं।
रूसी और उज्बेकिस्तान के पासपोर्ट मानने से इनकार
साथ ही कर्मचारियों ने रूसी और उज्बेकिस्तान के पासपोर्ट धारकों को होटल में ठहरने की अनुमति नहीं होने की बात भी कही। ये सभी टिप्पणियां उनके मंगेतर और होटल में मौजूद अन्य लोगों के सामने की गईं।
महिला ने जब इन सब कारणों का लिखित में जवाब मांगा तो होटल कर्मचारियों द्वारा जवाब देने से मना कर दिया गया। इसके बाद वे होटल से बाहर आ गए और उनके मंगेतर ने प्रबंधन को ईमेल कर शिकायत की व सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की।
पुलिस से शिकायत के बाद अदालत पहुंची महिला
14 नवंबर को होटल प्रबंधन ने उनसे संपर्क किया, लेकिन सवालों के स्पष्ट लिखित जवाब नहीं दिए। इसके बाद महिला ने कौशांबी थाने, महिला थाने और 17 नवंबर को पुलिस आयुक्त को भी शिकायत दी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई।
अब उन्होंने 29 नवंबर को दुबई में अपनी वापसी से पहले अदालत से शीघ्र व निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में जारी हुई मतदाता सूची की ड्राफ्ट लिस्ट, साहिबाबाद में बढ़े सर्वाधिक वोटर; घर बैठे चेक करें अपना नाम