विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में जारी हुई मतदाता सूची की ड्राफ्ट लिस्ट, साहिबाबाद में बढ़े सर्वाधिक वोटर; घर बैठे चेक करें अपना नाम

By Saurabh PandeyEdited By: Shanu Sharma
Published: Tue, 17 Nov 2026 06:42 PM (IST)

गाजियाबाद में विधानसभा मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया गया है, जिसमें अप्रैल से अब तक 61,235 मतदाताओं की वृद्धि ...और पढ़ें

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची का ड्राफ्ट सौंपते जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मादंड। सौ. प्रशासन

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची का ड्राफ्ट सौंपते जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मादंड। सौ. प्रशासन

HighLights

  1. गाजियाबाद में विधानसभा मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित।

  2. जिले में 61,235 मतदाता बढ़े, साहिबाबाद में सर्वाधिक वृद्धि।

  3. बीएलओ घर-घर सत्यापन करेंगे, 16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में विधानसभा की मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन मंगलवार को सभी पोलिंग बूथों पर किया गया। इसके तहत अप्रैल माह में एसआईआर समाप्त होने के बाद से अब तक 61,235 मतदाताओं की संख्या जिले में बढ़ी है।

जिले में उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा साहिबाबाद में सर्वाधिक 22,948 मतदाता बढ़े हैं। लोनी में 16,295, मुरादनगर में 7,185, गाजियाबाद शहर में 9,654 और मोदीनगर में 5,153 मतदाता एसआइआर के बाद बढ़े हैं।

घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे बीएलओ

मंगलवार को सुबह दस बजे से सभी पोलिंग बूथों पर बीएलओ और सुपरवाइजर पहुंचे। उन्होंने मतदाता सूची में जिन मतदाताओं का नाम शामिल है, उसकी जानकारी दी । मंगलवार से ही बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके तहत जिन मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल नही है, बीएलओ उनको चिह्नित कर उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का कार्य करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी जानकारी

जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलक्ट्रेट में बैठक कर उनको मतदाता सूची का ड्राफ्ट सौंपा है।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि छूटे मतदाताओं की पहचान के लिए जिले में 3,073 बीएलओ की तैनाती की गई है, लेकिन इन बीएलओ के साथ सभी राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंट को भी सक्रिय करें, जिससे कि ड्राफ्ट सूची में छूटे मतदाताओं का नाम जोड़ा जा सके। यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि हो तो उसका संशोधन किया जा सके।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए भरे फॉर्म-6

उन्होंने जिले के लोगों से अपील की है कि जिन मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट सूची में नही है, वे अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए फार्म संख्या छह भरकर बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं।

पहले चरण में 17 नवंबर से 30 नवंबर तक मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बीएलओ को शत प्रतिशत मतदाताओं के घर पर जाना है।

यदि किसी कारणवश किसी मतदाता के घर बीएलओ नहीं पहुंच सके तो ऐसे मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए 21 - 22 नवंबर और 27 -28 नवंबर को पोलिंग बूथ पर पहुंचकर फॉर्म भरकर जमा कर सकते हैं।

पोलिंग बूथ पर पहुंचकर भर सकते हैं फॉर्म

इन चार तिथियों को सभी बीएलओ पोलिंग बूथ पर मौजूूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के ड्राफ्ट पर आपत्ति व दावे 16 दिसंबर तक प्राप्त किए जाएंगे। इन आपत्तियों और दावों का निस्तारण कर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को किया जाएगा।

जिले में विधानसभावार मतदाताओं की संख्या

विधानसभा क्षेत्र एसआइआर से पहले एसआइआर के पहले चरण के बाद एसआइआर के बाद वर्तमान में
लोनी 5,32,755 3,93,266 4,46,941 4,63,236
मुरादनगर 4,59,698 3,50,944 3,92,006 3,99,191
साहिबाबाद 10,42,469 6,43,088 7,25,985 7,48,933
गाजियाबाद 4,68,304 3,49,570 3,90,472 4,00,126
मोदीनगर 3,34,765 2,82,984 3,08,109 3,13,262
कुल 28,37,991 20,19,852 22,63,513 23,24,748

एसआइआर कब शुरू हुआ - 27 अक्टूबर 2025

एसआइआर का पहला चरण कब पूरा हुआ - 26 दिसंबर 2025

एसआइआर कब पूरा हुआ - 10 अप्रैल 2026

समस्या हो तो हेल्पलाइन नंबर पर करें फोन

राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया है। इस नंबर पर फोन कर आप अपनी समस्या बता सकेंगे। निर्वाचन कार्यालय में तैनात कर्मचारी आपकी मदद करेंगे।

एप की मदद से चेक कर सकतें सूची में अपना नाम

आपका पहले मतदाता पहचान पत्र बना हुआ है और आपको अब अपना नाम मतदाता सूची में है या नहीं, इसकी जानकारी घर बैठे प्राप्त करनी है तो मोबाइल में प्ले स्टोर पर जाकर eci net app डाउनलोड कर लें। एप डाउनलोड करने के बाद आपके पास अपना नाम मतदाता सूची में खोजने के लिए चार विकल्प मौजूद होंगे।

इसमें पहले विकल्प में आप अपना इपीआइसी नंबर डाल सकते हैं। दूसरे विकल्प में अपना नाम, नातेदार का नाम, जन्मतिथि, लिंग की जानकारी और विधानसभा की जानकारी डाल कर सर्च कर सकते हैं।

तीसरे विकल्प में यदि आपका मोबाइल नंबर पंजीकृत है तो वह मोबाइल नंबर अंकित कर अपना नाम मतदाता सूची में सर्च कर सकते हैं। चौथे विकल्प के रूप में क्यूआर कोड स्कैन कर अपना नाम सर्च कर सकते हैं।

फार्म संख्या छह भी कर सकते हैं ऑनलाइन डाउनलोड

आपको अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना है तो आप voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर न्यू वोटर रजिस्ट्रेशन के विकल्प पर जाकर फार्म संख्या छह डाउनलोड कर सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में गलती से चढ़ गया है तो वह अपना नाम हटवाने के लिए फार्म संख्या सात डाउनलोड कर सकते हैं।

नाम , पते या अन्य किसी जानकारी में किसी प्रकार की गलती के सुधार के लिए फार्म संख्या आठ डाउनलोड कर सकते हैं। इन फार्म को भरकर संबंधित व्यक्ति द्वारा बीएलओ के पास जमा किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- दिसंबर में खत्म हो रहा एएमआर टेंडर, गाजियाबाद में बड़े बिजली उपभोक्ताओं की बिलिंग पर मंडराया खतरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।