विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिसंबर में खत्म हो रहा एएमआर टेंडर, गाजियाबाद में बड़े बिजली उपभोक्ताओं की बिलिंग पर मंडराया खतरा

Published: Tue, 17 Nov 2026 04:03 PM (IST)

पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) में बड़े बिजली उपभोक्ताओं की बिलिंग व्यवस्था पर संकट गहरा रहा है, क्योंकि एएमआर सिस्टम का टेंडर दिसंबर में समाप्त हो रहा है।

गाजियाबाद में मीटर की जांच करते बिजली कर्मचारी। फाइल फोटो- जागरण

गाजियाबाद में मीटर की जांच करते बिजली कर्मचारी। फाइल फोटो- जागरण

HighLights

  1. एएमआर सिस्टम का टेंडर दिसंबर में हो रहा समाप्त।

  2. स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य 34% ही पूरा हुआ।

  3. उपभोक्ताओं के विरोध से स्थापना गति धीमी हुई।

लक्ष्य चौधरी, गाजियाबाद। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) में बड़े बिजली उपभोक्ताओं की बिलिंग व्यवस्था पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। 50 किलोवाट से अधिक विद्युत भार वाले उपभोक्ताओं के यहां लगे एएमआर (ऑटोमैटिक मीटरिंग रीडर) सिस्टम का संचालन करने वाली कंपनी का टेंडर दिसंबर में समाप्त हो रहा है।

वहीं, दूसरी ओर, इन परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाने की रफ्तार बेहद धीमी है। ऐसे में टेंडर समाप्त होने तक स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो मीटर रीडिंग और समय पर बिल जारी करने की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

महज 34 प्रतिशत काम पूरा हुआ

पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) में कुल 13,981 बड़े उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। इनमें अभी तक 4,695 परिसरों में ही स्मार्ट मीटर लग सके हैं। यानी लक्ष्य का महज 34 प्रतिशत काम पूरा हुआ है, जबकि 9,286 उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगना बाकी है। शेष 66 प्रतिशत काम पूरा करने के लिए निगम के सामने चुनौती है।

बताया कि इन उपभोक्ताओं की रीडिंग अभी एएमआर व्यवस्था के माध्यम से आरएमएस पोर्टल तक पहुंचती है, जिसके आधार पर बिल तैयार किए जाते हैं। ऐसे में दिसंबर में एएमआर का टेंडर समाप्त होने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था और स्मार्ट मीटर लगाने की रफ्तार बढ़ाना निगम के लिए जरूरी हो गया है। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि बड़े औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं की बिलिंग में किसी तरह का व्यवधान न आए।

गाजियाबाद में भी 64 प्रतिशत काम बाकी

गाजियाबाद के चार सर्किलों में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रगति भी लक्ष्य से पीछे है। ईयूडीसी प्रथम में 855 के लक्ष्य के सापेक्ष 440, द्वितीय में 909 के सापेक्ष 213 और तृतीय में 532 के सापेक्ष 103 स्मार्ट मीटर लगे हैं।

वहीं, ईडीसी गाजियाबाद में 294 के लक्ष्य के मुकाबले 175 मीटर लगाए गए हैं। चारों सर्किलों में कुल 2,590 के लक्ष्य के सापेक्ष 931 मीटर लगे हैं। अभी 1,659 मीटर लगाए जाने बाकी हैं।

स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध भी बनी रफ्तार में बाधा

50 किलोवाट से अधिक भार वाले बड़े उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना को उपभोक्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ता पुराने एएमआर मीटरों को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर सहमत नहीं हैं। इसके चलते पश्चिमांचल में स्मार्ट मीटर लगाने की रफ्तार प्रभावित हुई है।

स्मार्ट मीटर प्रगति रिपोर्ट
कुल स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य 13,981
अब तक लगाए गए मीटर 4,695
शेष मीटर 9,286
कुल उपलब्धि 34 प्रतिशत
गाजियाबाद की स्थिति
गाजियाबाद में लक्ष्य 2,590
गाजियाबाद में लगाए गए मीटर 931
गाजियाबाद में शेष 1,659
एएमआर टेंडर समाप्त होने का समय दिसंबर 2026

शासन के आदेश पर आटोमैटिक मीटरिंग रीडर का टेंडर इस साल समाप्त हो रहा है। सभी बड़े 50 किलोवाट से अधिक उपभोक्ताओं के यहां एएमआर की जगह स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। निर्धारित समय में सभी एएमआर मीटरों को स्मार्ट मीटरों से बदल दिया जाएगा। - नरेश भारती, मुख्य अभियंता, जोन-द्वितीय, विद्युत निगम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।