बिजली बिल कम करने के लिए UPNEDA ने बनाई योजना, विकास भवन में जल्द लगेगा सोलर प्लांट
गाजियाबाद के विकास भवन में बिजली का भार कम करने के लिए 35 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया जाएगा।

नए साल से लगेगा 35 किलोवाट का सोलर प्लांट। (Image Edited By AI)
HighLights
विकास भवन में 35 किलोवाट का सोलर प्लांट लगेगा।
यूपीनेडा ने सर्वे पूरा कर कागजी प्रक्रिया शुरू की।
बिजली का बिल कम होगा, ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। विकास भवन में बिजली का भार कम करने के लिए 35 किलोवाट का सोलर प्लांट नए साल के आरंभ में ही लगाया जाएगा।
इसके लिए यूपीनेडा द्वारा सर्वे पूरा करा लिया गया है। सोलर प्लांट लगाने के लिए कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सोलर प्लांट लगने के बाद विकास भवन में बिजली का बिल काफी कम हो जाएगा।
विकास भवन में विभिन्न विभाग के कार्यालय हैं
विकास भवन में पंचायती राज विभाग, समाज कल्याण विभाग, पशुपालन, कृषि विभाग, महिला कल्याण विभाग, दिव्यांगजन कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभाग के कार्यालय हैं। यहां पर विद्युत भार अधिक होने के कारण पूर्व में बिजली के पैनल में आग लगने की घटनाएं भी हुई हैं।
इसके बाद सभी कार्यालयों के लिए अलग-अलग बिजली का मीटर लगाने की व्यवस्था की गई, जिससे कि परेशानी न हो। अब इस कार्यालय में बिजली की खपत कम करने के लिए सोलर प्लांट लगाने की तैयारी की गई है। यूपीनेडा के परियोजना निदेशक जावेद खान ने बताया कि विकास भवन में बिजली की खपत को कम करने के लिए लगने वाले सोलर प्लांट की देखरेख का जिम्मा भी कंपनी को सौंपा जाएगा।
जिससे कि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी हो तो उसका समाधान कंपनी के कर्मचारियों द्वारा किया जाए। उन्होंने बताया कि डासना जेल सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में भी सोलर प्लांट लगाने की योजना तैयार की गई है। अधिक से अधिक कार्यालयों में साेलर प्लांट लगाकर ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा।