भाई दूज पर गाजियाबाद को जाम से बचाने के लिए तैनात रहेंगे अतिरिक्त पुलिसकर्मी, NH-9 पर खास नजर
भाई दूज पर गाजियाबाद में सड़कों पर संभावित भीड़ और जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है।

बृहस्पतिवार को समाप्त होगी विशेष व्यवस्था। एआई इमेज
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। भाई दूज पर बुधवार को बहनों के घर जाने और भाइयों के तिलक कराने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के सड़कों पर निकलने की संभावना है। ऐसे में शहर और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने के साथ जाम की समस्या भी हो सकती है।
इससे निपटने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। जिले में 73 स्थानों पर यातायातकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात रहकर यातायात व्यवस्था संभालेंगे।
NH-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के प्रवेश पर नजर
यातायात पुलिस की ओर से एनएच-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के प्रवेश व निकास प्वाइंट पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा मेरठ रोड, जीटी रोड और हापुड़ रोड पर भी अतिरिक्त यातायातकर्मियों की तैनाती की जाएगी। त्योहार के दौरान इन मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने के आसार हैं।
ऐसे में चौराहों और प्रमुख कट पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जिससे वाहनों का आवागमन सुचारु रखा जा सके। भाई दूज के चलते बाजारों और धार्मिक स्थलों के आसपास भी भीड़ बढ़ने की संभावना है।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन का कहना है कि यातायात पुलिस का प्रयास रहेगा कि मुख्य मार्गों पर वाहनों की कतार न लगे और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। विशेष ड्यूटी बृहस्पतिवार के बाद समाप्त कर दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद की बदलेगी तस्वीर, NH-09 पर 2.84 करोड़ से बनेगा भव्य प्रवेश द्वार; जारी हुआ टेंडर
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में CBI के पूर्व जज को साइबर ठगों ने लगाया चूना, डेबिट कार्ड चोरी कर 75 हजार उड़ाए