बिना इंजन चालू किए और धुआं जांचें बांट रहे PUC, गाजियाबाद में प्रदूषण जांच के नाम पर बड़ी लापरवाही
गाजियाबाद में प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) जारी करने में बड़े पैमाने पर धांधली का खुलासा हुआ है, जहां कुछ केंद्र बिना वाहन जांचे या इंजन बंद रखकर ही प्रमाणपत्र दे रहे हैं।

गाजियाबाद का प्रदूषण जांच केंद्र। फोटो: जागरण
लक्ष्य चौधरी, गाजियाबाद। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए वाहनों की पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र) जांच अनिवार्य है, लेकिन जिले में इस व्यवस्था की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
जिले में संचालित 250 से अधिक प्रदूषण जांच केंद्रों में कुछ पर वाहनों को लाए बिना ही प्रमाणपत्र जारी करने का खेल चल रहा है। कहीं केवल नंबर प्लेट की फोटो और वाहन के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी से पीयूसी बनवाने की सुविधा दी जा रही है, तो कहीं इंजन चालू किए बिना ही जांच की औपचारिकता पूरी की जा रही है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से केंद्रीय पीयूसी पोर्टल के ट्रांजेक्शन का विश्लेषण करने पर प्रदेश के 83 प्रदूषण जांच केंद्रों में अनियमितता की आशंका जताई गई थी। इनमें गाजियाबाद के 32 केंद्र शामिल हैं। इससे पहले भी पोर्टल पर तीन मिनट से कम समय में बड़ी संख्या में प्रमाणपत्र जारी होने के आधार पर जिले के 36 केंद्र चिह्नित किए गए थे।
परिवहन विभाग ने कुछ केंद्रों के पंजीकरण निरस्त करने की संस्तुति भी शासन को भेजी है। मंगलवार को विभिन्न केंद्रों की पड़ताल में पीयूसी जारी करने की प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही सामने आई। नियमानुसार वाहन के साइलेंसर में सेंसर प्रोब पाइप लगाकर इंजन चालू अवस्था में उत्सर्जन की जांच करना जरूरी है।
इसके बाद ही निर्धारित मानकों के आधार पर प्रमाणपत्र जारी किया जा सकता है। इसके बावजूद कुछ केंद्रों पर बिना वाहन की मौजूदगी के ही प्रमाणपत्र जारी करने की बात कही जा रही है।
इंजन बंद, फिर भी कर रहे जांच
मोदीनगर में दिल्ली-मेरठ रोड पर काजमपुर के पास पेट्रोल पंप स्थित प्रदूषण जांच केंद्र पर दोपहर 12 बजे पड़ताल की गई। यहां एक वाहन की पीयूसी जांच के दौरान साइलेंसर में प्रोब तो लगाया गया, लेकिन इंजन चालू नहीं कराया गया। ऐसे में बिना इंजन चालू किए की जा रही जांच की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हुए।
नंबर प्लेट की फोटो और ओटीपी से प्रमाणपत्र
महामाया स्टेडियम के पास पेट्रोल पंप स्थित जांच केंद्र पर दोपहर करीब एक बजे बिना वाहन लाए पीयूसी बनवाने के संबंध में पूछताछ की गई। इस पर संचालक ने प्रमाणपत्र जारी करने की बात कही। उसने बताया कि वाहन की नंबर प्लेट की फोटो और आरसी में दर्ज मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी के जरिए प्रमाणपत्र बन सकता है। यानी वाहन की मौके पर मौजूदगी के बिना ही पीयूसी जारी करने की पेशकश की गई।
बिना जांच प्रमाणपत्र जारी करने से इंकार
राजनगर एक्सटेंशन में वीवीआइपी माल के सामने पेट्रोल पंप स्थित प्रदूषण जांच केंद्र पर दोपहर करीब दो बजे पड़ताल की गई। यहां बिना वाहन लाए और प्रदूषण जांच कराए प्रमाणपत्र बनवाने के संबंध में पूछा गया। इस पर संचालक ने साफ इंकार कर दिया। उसने कहा कि बिना वाहन और वास्तविक प्रदूषण जांच के कोई प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जाता है।
इंजन चालू कर प्रोब से की जांच
संजयनगर स्थित पेट्रोल पंप के प्रदूषण जांच केंद्र पर दोपहर करीब तीन बजे एक स्कूटी की पीयूसी जांच की जा रही थी। यहां स्कूटी के साइलेंसर में प्रोब लगाकर इंजन चालू कराया गया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रदूषण की जांच कर प्रमाणपत्र जारी किया जा रहा था।
'बिना वाहन की वास्तविक जांच किए पीयूसी जारी करने और निर्धारित समय सीमा से पहले प्रमाणपत्र जारी करने वाले केंद्रों की जांच कराई जाएगी। अनियमितता मिलने पर संबंधित केंद्रों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।'
- अशोक कुमार श्रीवास्तव, एआरटीओ (प्रशासन), गाजियाबाद
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: मोदीनगर में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग का भी आरोप, केस दर्ज
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में अपने पति और बेटे को जहर देती थी महिला, अब पहुंची सलाखों के पीछे
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।