गाजियाबाद में अपने पति और बेटे को जहर देती थी महिला, अब पहुंची सलाखों के पीछे
गाजियाबाद में एक महिला ने मुस्लिम प्रेमी और परिवार के साथ मिलकर पति व बेटे को एक साल से धीमा जहर देने की साजिश रची।
-1795552028939_m.webp)
मुस्लिम प्रेमी संग मिलकर पति-बेटे को धीमा जहर देती थी पत्नी ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
पत्नी ने मुस्लिम प्रेमी संग पति-बेटे को दिया धीमा जहर।
एक साल से खाने में मिला रही थी जहरीला पदार्थ 'लेड'।
पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पत्नी को किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। एक महिला ने मुस्लिम प्रेमी व स्वजन के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की ऐसी साजिश रची कि खुद पुलिस भी हैरान है। पत्नी बीते एक वर्ष से पति व बेटे को खाने में धीमा जहरीला पदार्थ दे रही थी।
पति की तबीयत बिगड़ी और वह जब अस्पताल में भर्ती हुआ तो डाक्टर की जांच रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की पुष्टि हुई।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
इसके बाद पीड़ित ने पत्नी रेनू भटनागर, सास लता सक्सेना, साले रवि सक्सेना, साढ़ू सुशील गिरधर व प्रेमी बबलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी (इंदिरापुरम) सूर्यबली मौर्य के अनुसार ट्रांसपोर्टर सुशील भटनागर का पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी अक्सर पति से किसी न किसी बात पर लड़ती रहती थी। दो माह पहले पति की तबीयत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की जांच में उनके शरीर में जहरीले तत्व लेड का पता चला।
चिकित्सकों को शक हुआ तो दोबारा जांच कराई गई, लेकिन फिर से रिपोर्ट में लेड अधिक मात्रा में पाया गया। सुशील के स्वस्थ होने पर चिकित्सकों ने उनसे पूछताछ की तो पता चला कि उनका पत्नी से विवाद चल रहा है। ससुराल पक्ष में ज्वैलरी का काम होता है।
पुलिस से की गई शिकायत
इसपर चिकित्सकों को शक हुआ, क्योंकि लेड ज्वैलरी में इस्तेमाल होता है, फिर डाक्टरों ने इस बारे में पीड़ित को बताया तब उसने पुलिस से शिकायत की और पत्नी से अलग रहने लगे।
एसीपी ने बताया कि करीब एक माह तक पत्नी से अलग रहने के बाद पति की दोबारा जांच हुई तो खून में लेड की मात्रा कम हो गई। इसके बाद पीड़ित ने चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने बच्चों से बातचीत की तो बच्चों ने बताया कि मम्मी उनके खाने में स्प्रे से कुछ डालती थी। फिर उन्होंने पत्नी के मोबाइल की जांच की तो पता चला कि पत्नी के एक मुस्लिम युवक से संबंध हैं, जिसकी वजह से वह उनसे अक्सर झगड़ा करती थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।