विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम : जनसुवाई में समस्याओं को लेकर गंभीर मंत्री राव नरबीर सिंह, अधिकारियों को लगाई फटकार

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:36 AM (IST)

फरुखनगर में जनसुनवाई के दौरान लोगों ने मूलभूत समस्याओं और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई, जिस पर मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को फटकार लगाई। 

जनसुनवाई में फरुखनगर की समस्याओं पर मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को लगाई फटकार ( फोटो स्रोत : जागरण)

जनसुनवाई में फरुखनगर की समस्याओं पर मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को लगाई फटकार ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. जनसुनवाई में लोगों ने मूलभूत समस्याओं और विभागों पर नाराजगी जताई।

  2. मंत्री राव नरबीर सिंह ने लापरवाह अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

  3. नगर पालिका चेयरमैन ने भी अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

संवाद सहयोगी, फरुखनगर। शहर की मूलभूत समस्याओं और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों की नाराजगी सोमवार को प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह के सामने खुलकर सामने आई।

कम्युनिटी सेंटर में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में सबसे अधिक शिकायतें नगर पालिका, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और बिजली विभाग के खिलाफ पहुंचीं।

कार्रवाई नहीं किए जाने से लोग परेशान

सीवर की सफाई नहीं होने, अधिकारियों की मनमानी और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं किए जाने से परेशान लोगों ने मंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं। खास बात यह रही कि नगर पालिका चेयरमैन बीरबल सैनी ने भी अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अपनी पीड़ा जाहिर की।

चेयरमैन बीरबल सैनी ने मंत्री को बताया कि नगर पालिका के अधिकारी उनकी बात तक नहीं सुनते और अपनी मनमर्जी से काम करते हैं। उन्होंने अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब चुने हुए जनप्रतिनिधि की बात नहीं सुनी जा रही तो आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान किस तरह होता होगा।

सीवर व्यवस्था बदहाल

जनसुनवाई में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के खिलाफ सबसे प्रमुख शिकायत शहर में सीवर की नियमित सफाई नहीं होने को लेकर रही। लोगों ने बताया कि सीवर व्यवस्था बदहाल है और शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।

इसके अलावा बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और बिजली आपूर्ति से जुड़ी परेशानियों को लेकर भी लोगों ने मंत्री के सामने अपनी बात रखी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने नगर पालिका अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतों का समाधान करें, दोबारा इस तरह की शिकायत मिली तो कहीं और जगह देख लेना।

लंबित शिकायतों का जल्द समाधान करने के निर्देश

मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनसुनवाई में सामने आई सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें और लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर न करें।

मंच संचालन तहसीलदार सज्जन यादव ने किया। इस अवसर पर एसडीएम दिनेश कुमार, तहसीलदार सज्जन सिंह, नायब तहसीलदार विनय कुमार, नगर पालिका चेयरमैन बीरबल सैनी, मार्केट कमेटी चेयरमैन दौलतराम, सरपंच एसोसिएशन अध्यक्ष धर्मपाल, मंडल अध्यक्ष अनिल सैनी, राजबीर शर्मा सैदपुर, बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता मेनपाल ढुल, एसडीओ साहिल गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम: मानेसर नगर निगम सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त, अब लापरवाही बरतने वालों की खैर नहीं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।