गाजियाबाद में पॉश सोसायटी के 3 फ्लैटों में चल रहा था हुक्का बार, पुलिस ने मारी रेड; 18 गिरफ्तार
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में पुलिस ने तीन फ्लैटों में चल रहे अवैध हुक्का बार पर छापा मारा। इस कार्रवाई ...और पढ़ें

नंदग्राम पुलिस द्वारा गिरफ्तार अवैध हुक्काबार चलाने के 18 आरोपित। सौ. पुलिस
HighLights
राजनगर एक्सटेंशन में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा।
तीन फ्लैटों से 18 लोग गिरफ्तार, बिना लाइसेंस चल रहा था।
चार हुक्के, 19 पाइप और फ्लेवर्ड तंबाकू बरामद।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित राजनगर रेजिडेंसी के 11वें तल पर स्थित तीन फ्लैटों में हुक्का बार चल रहा था। पुलिस ने सूचना पर छापा मारकर 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से चार हुक्के, 19 पाइप और फ्लेवर्ड तंबाकू समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद हुआ है। मौके से कई युवक फरार भी हो गए।
छापे में 18 लोग गिरफ्तार, कई फरार
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजनगर रेजिडेंसी के टावर-11 के तीन फ्लैटों में बड़ी संख्या में लोग हुक्का और फ्लेवर्ड तंबाकू का सेवन कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने छापा मारा तो फ्लैट के अंदर धुआं फैला हुआ था और लोग हुक्का पी रहे थे। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने लगे, लेकिन टीम ने 18 लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में हनी चौधरी निवासी चिरंजीव विहार, कृष्ण चौधरी निवासी वेव सिटी सेक्टर-4, निशांत यादव और प्रणव वर्मा निवासी शास्त्रीनगर, अभिषेक डागर निवासी लोहियानगर, स्वास्तिक शर्मा निवासी कविनगर, आदित्य कपूर निवासी राजनगर, आयुष वर्मा निवासी डासना गेट, रोहित यादव निवासी नेहरू नगर, लोकेश मलिक निवासी रमतेराम रोड, अनमोल त्यागी निवासी राजनगर एक्सटेंशन, रजत यादव और अमित यादव निवासी बम्हेटा, बिलाल निवासी डासना, मंजीत निवासी नेहरू नगर, हर्ष निवासी महागुनपुरम, रोहित अरोड़ा निवासी गांधी नगर और अभय निवासी न्यू पंचवटी शामिल हैं।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद भी हुक्का पीते थे और ग्राहकों की मांग पर रुपये लेकर फ्लेवर्ड हुक्का उपलब्ध कराते थे। इसके लिए उनके पास कोई लाइसेंस नहीं था।
हुक्के, पाइप और फ्लेवर्ड तंबाकू बरामद
पुलिस ने चार हुक्के, 19 पाइप, एक पैकेट हुक्का निप्पल, पांच पीतल और आठ प्लास्टिक की नोजल, एक पीतल की चिमटी, तीन कोयला हीटर, एक पैकेट कोयला, रायल स्मोकिंग फ्लेवर्ड शीशा मोलासेस, अल फखर के पैकेट में फ्लेवर्ड तंबाकू बरामद किए हैं। नंदग्राम पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।