430 एनकाउंटर, 14 बदमाश ढेर... चार साल में गाजियाबाद में घटते अपराध का पूरा रिपोर्ट कार्ड
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने चार साल पूरे किए, जिसमें अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। लूट में 84% और चोरी में 61% की गिरावट के साथ, महिला संबंधी अपराधों में भी 44% की कमी आई है।

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय। जागरण
HighLights
लूट और चोरी में क्रमशः 84% और 61% कमी।
गैंगस्टर एक्ट में 334.84 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क।
430 पुलिस मुठभेड़ों में 14 बदमाश ढेर हुए।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के चार साल में अपराध नियंत्रण से लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली और आपातकालीन सेवाओं तक में कई बदलाव हुए हैं।
चार साल की उपलब्धियों के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2022 की तुलना में वर्ष 2026 में लूट की घटनाओं में 84.1 प्रतिशत, गोवध में 83.7 प्रतिशत, चेन झपटमारी में 61.76 प्रतिशत और नकबजनी में 61.6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
महिला संबंधी अपराधों में भी 44 प्रतिशत की गिरावट का दावा किया गया है। गैंगस्टर और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत अपराधियों की 334.84 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है।
26 नवंबर 2022 को पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू
गाजियाबाद में 26 नवंबर 2022 को पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू की गई थी। कमिश्नरेट बनने के बाद पूरे क्षेत्र को तीन जोन में विभाजित किया गया। इसके अलावा थानों और सर्किल का पुनर्गठन कर बीट पुलिसिंग व्यवस्था लागू की गई। वर्तमान में पूरे कमिश्नरेट को 2131 बीटों में बांटा गया है।
इनमें 941 बीट उपनिरीक्षक और 1431 बीट पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एक दिसंबर 2022 से 15 नवंबर 2026 तक कमिश्नरेट क्षेत्र में 430 पुलिस मुठभेड़ हुईं। इनमें 681 आरोपित गिरफ्तार किए गए। मुठभेड़ के दौरान 496 आरोपित घायल हुए, जबकि
14 बदमाश ढेर हो गए। इसके अलावा नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि वर्ष 2022 के मुकाबले वर्ष 2026 तक साइबर ठगी की रकम की रिकवरी में 5.5 गुना वृद्धि हुई है। अब तक साइबर ठगी की करीब 35 प्रतिशत रकम की रिकवरी सुनिश्चित की गई है।
महिला अपराधों में 44 प्रतिशत गिरावट का दावा
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2023-24 की तुलना में वर्ष 2025-26 में हत्या के मामलों में 22 प्रतिशत, दहेज मृत्यु में 23 प्रतिशत, दुष्कर्म में 84 प्रतिशत, शीलभंग में 98 प्रतिशत और महिला उत्पीड़न के मामलों में 25 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। कुल महिला संबंधी अपराधों में 44 प्रतिशत की गिरावट आई है।
यूपी-112 का रिस्पांस टाइम हुआ कम
आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा यूपी-112 की कार्यप्रणाली में भी सुधार का दावा किया गया है। वर्ष 2022 में जहां पुलिस का औसत रिस्पांस टाइम आठ मिनट 15 सेकेंड था, वहीं वर्ष 2026 में इसे घटाकर चार मिनट 41 सेकेंड कर दिया गया है।
इस दौरान यूपी-112 पर आने वाले इवेंट की संख्या 1.55 लाख से बढ़कर 3.42 लाख हो गई। इसके बावजूद रिस्पांस टाइम में कमी आई है। कालर संतुष्टि का स्तर भी 76.76 प्रतिशत से बढ़कर 90.14 प्रतिशत पहुंच गया है। पीआरवी वाहनों की संख्या 94 से बढ़ाकर 102 और पुलिसकर्मियों की संख्या 514 से बढ़ाकर 763 की गई है।
334.84 करोड़ की संपत्ति कुर्क
गैंग्स्टर एक्ट और संबंधित प्रावधानों के तहत पेशेवर अपराधियों, भू-माफिया और संगठित अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 334 करोड़ 84 लाख 14 हजार 336 रुपये की संपत्ति कुर्क और जब्त की गई है। आदतन अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई के तहत 7907 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिनमें 5553 को अच्छे आचरण के लिए पाबंद किया गया।
यातायात निगरानी के लिए 870 कैमरे
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पूरे कमिश्नरेट को तीन जोन और नौ सब जोन में बांटा गया है। 41 प्रमुख स्थानों पर 870 सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
सड़क हादसों में होने वाली मौतों को कम करने के लिए जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना के तहत 10 थानों में विशेष टीमें गठित की गई हैं। इससे दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में 10 प्रतिशत की कमी आई है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद स्लो पॉइजन कांड: जेल में बंद पत्नी ने नहीं खोला मुंह, 2 करोड़ के बीमा और प्रॉपर्टी हड़पने की थी साजिश
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में सड़कों पर धुआं उगलती पुरानी गाड़ियां, अभियान के बावजूद 3.96 लाख से ज्यादा EOL वाहन दर्ज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।