विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में सड़कों पर धुआं उगलती पुरानी गाड़ियां, अभियान के बावजूद 3.96 लाख से ज्यादा EOL वाहन दर्ज

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:51 AM (IST)

गाजियाबाद में लाखों पुराने वाहन सड़कों पर जहरीला धुआं फैला रहे हैं, जिससे शहर की हवा की गुणवत्ता गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। 

सड़कों पर दौड़ रहे जहरीले धुएं के पहिए। जागरण

सड़कों पर दौड़ रहे जहरीले धुएं के पहिए। जागरण

HighLights

  1. गाजियाबाद में 3.96 लाख पुराने वाहन सड़कों पर दौड़ रहे।

  2. 2.24 लाख दोपहिया वाहन प्रदूषण के मुख्य स्रोत बने।

  3. परिवहन विभाग ने 9,827 प्रदूषण फैलाते वाहनों पर कार्रवाई की।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। शहर की हवा में घुलते जहरीले धुएं के पीछे सिर्फ निर्माण कार्य, धूल और औद्योगिक इकाइयां ही जिम्मेदार नहीं हैं, बल्कि सड़कों पर दौड़ रहे पुराने वाहन भी प्रदूषण का बड़ा कारण बने हुए हैं। परिवहन विभाग की ओर से अभियान भी चलाए जा रहे हैं, लेकिन सड़कों पर इनका धुआं अब भी बेखौफ नजर आ रहा है।

परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों की संख्या लाखों में है। उपलब्ध विवरण में कुल 3,96,453 एंड आफ लाइफ व्हीकल (ईओएल) दर्ज किए गए हैं। इनमें 26,853 व्यावसायिक वाहन, 45,670 निजी चार पहिया वाहन और 2,24,765 दोपहिया वाहन शामिल हैं।

यानी पुराने वाहनों की संख्या में सबसे बड़ा हिस्सा दोपहिया वाहनों का है। ये वाहन सड़कों पर चलने के दौरान प्रदूषण बढ़ाने के साथ ही निर्धारित मानकों की अनदेखी भी कर रहे हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 1,582 वाहनों को जब्त भी किया गया है, जबकि 24,424 वाहनों को स्क्रैप कराकर एनओसी जारी की गई है।

आठ रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी

जिले में आठ रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी (आरवीएसएफ) संचालित हैं। इसके बावजूद पुराने वाहनों की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। पुराने वाहनों से निकलने वाला धुआं केवल आंखों में जलन या सांस लेने में परेशानी तक सीमित नहीं है।

पुराने डीजल वाहन सूक्ष्म कणों और नाइट्रोजन आक्साइड के उत्सर्जन का प्रमुख स्रोत बन सकते हैं। वहीं पेट्रोल वाहनों से कार्बन मोनोआक्साइड और हाइड्रोकार्बन का उत्सर्जन होता है। ये प्रदूषक हवा की गुणवत्ता खराब करने के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर डालते हैं। इसी क्रम में सड़कों पर पुराने वाहनों के संचालन को लेकर बुधवार को दैनिक जागरण की टीम ने पड़ताल की।

शास्त्रीनगर की सड़क पर दौड़ती स्कूटी के साइलेंसर से लगातार धुआं निकलता दिखाई दिया। आसपास से गुजर रहे दोपहिया वाहन सवारों को भी इसका सामना करना पड़ा। गाजियाबाद में 2.24 लाख से अधिक पुराने दोपहिया वाहन दर्ज हैं। ऐसे में खराब इंजन और निर्धारित मानकों से अधिक उत्सर्जन करने वाले वाहनों की जांच जरूरी है।

व्यावसायिक वाहन EOL श्रेणी में दर्ज

लालकुआं के पास सड़क पर दौड़ते पुराने ट्रक से काला धुआं निकलता दिखाई दिया। माल ढुलाई के लिए लगातार चलने वाले भारी वाहन प्रदूषण बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। जिले में 26,853 व्यावसायिक वाहन ईओएल श्रेणी में दर्ज हैं। इसके बावजूद सड़कों पर ऐसे वाहनों की आवाजाही रोकना चुनौती बना हुआ है।

कविनगर में सड़क पर दौड़ते ट्रैक्टर से निकलता धुआं वाहनों से होने वाले प्रदूषण की एक और तस्वीर दिखाता है। आयु पूरी कर चुके माल ढुलाई में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर रोजाना सड़कों पर चलते हैं। पुराने डीजल इंजन से निकलने वाले सूक्ष्म कण और नाइट्रोजन आक्साइड हवा की गुणवत्ता प्रभावित करते हैं।

'इस माह प्रदूषण फैलाते 9,827 वाहनों पर विभाग द्वारा कार्रवाई की गई है। इसमें 70 प्रतिशत वाहन दो पहिया है। विभाग द्वारा सड़क पर प्रदूषण फैलाते वाहनों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।'

-डॉ. सियाराम वर्मा, आरटीओ प्रवर्तन, गाजियाबाद

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 संदिग्ध बांग्लादेशी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: 1 साल तक खाने में पति-बेटे को देती रही 'स्लो पॉइजन', 6 करोड़ के लालच में पत्नी ने रची साजिश; अरेस्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।