गाजियाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 संदिग्ध बांग्लादेशी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
खोड़ा पुलिस ने एक गारमेंट फैक्ट्री में छापेमारी कर नौ संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां उनसे पूछताछ कर रही हैं तथा दस्तावेजों की जांच जारी है।
-1795650990819_m.webp)
खोड़ा पुलिस ने गारमेंट फैक्ट्री से नौ संदिग्ध बांग्लादेशी पकड़े ( फोटो स्रोत : जागरण )
आशुतोष गुप्ता, साहिबाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक गारमेंट फैक्ट्री में बांग्लादेशी नागरिकों के काम करने की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को छापामारी की।
इस दौरान पुलिस ने नौ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इन सभी से खोड़ा थाने में पुलिस समेत खुफिया एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।
अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अधिकारी इस विषय में अभी कुछ बोलने से बच रहे हैं।
खोड़ा थाना पुलिस को क्षेत्र में एक गारमेंट फैक्ट्री में कुछ बांग्लादेशियों के काम करने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने फैक्ट्री में छापामारी की और कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
इनके पकड़े जाने की सूचना के बाद एलआइयू समेत अन्य खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हुई और संयुक्त रूप से इनसे पूछताछ चल रही है। इन सभी के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और फैक्ट्री में इन्हें रखवाये जाने वाले ठेकेदार से भी पूछताछ चल रही है।
नागरिकता को लेकर भी हो रही पूछताछ
हिरासत में लिए गए लोगों से उनके मूल निवास और नागरिकता के बारे में पूछताछ की जा रही है। हालांकि अधिकारी फिलहाल मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि फैक्ट्री में काम करने वाले जिन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, वह सभी दर्जी का काम करते हैं। पूछताछ के बाद और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।