गाजियाबाद में GDA की बड़ी लापरवाही, बिना रिफ्लेक्टर और साइन बोर्ड के खोल दिया यूटर्न; पलटी पिकअप
गाजियाबाद में नवयुग मार्केट चौराहे पर सुरक्षा इंतजामों के बिना खोले गए यूटर्न के कारण एक पिकअप वैन पलट गई, जिसमें चालक घायल हो गया।

नवयुग मार्केट के पास हापुड़ रोड पर बने यू-टर्न पर दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त पिकअप ट्रक। जागरण
HighLights
नवयुग मार्केट यूटर्न बिना सुरक्षा इंतजामों के खोला गया।
अचानक यूटर्न दिखने से पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलटी।
हादसे में चालक घायल, यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर हुए हादसे में तीन लोगों की मौत के मामले को अभी दो दिन भी नहीं बीते थे कि हापुड़ रोड पर लापरवाही का एक और मामला सामने आ गया।
यहां नवयुग मार्केट चौराहे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए बनाए गए यूटर्न को जरूरी सुरक्षा इंतजाम पूरे किए बिना ही वाहनों के लिए खोल दिया गया। इसका नतीजा यह हुआ कि मंगलवार रात अचानक सामने आए यूटर्न को देखकर एक पिकअप वैन का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक घायल हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया।
जीडीए की ओर से यूटर्न का निर्माण
हापुड़ रोड पर नवयुग मार्केट चौराहे पर यातायात का दबाव कम करने के लिए पहले लालबत्ती की व्यवस्था थी। यहां लगने वाले जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से यूटर्न का निर्माण कराया गया है।
निर्माण पूरा होने के बाद मंगलवार को इसे वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया, लेकिन यूटर्न पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए गए। न तो रिफ्लेक्टर टेप लगाई गई और न ही वाहन चालकों को पहले से सतर्क करने के लिए चेतावनी या दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए।
ऐसे में रात के समय यूटर्न वाहन चालकों के लिए खतरा बन गया। मंगलवार रात एक पिकअप वैन हापुड़ रोड से तेज गति में गुजर रही थी। चालक को सड़क पर अचानक यूटर्न दिखाई दिया। इससे पहले कि वह स्थिति को समझ पाता, उसने घबराकर ब्रेक लगा दिए और वाहन को दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।
घायल चालक ने पुलिस को दिया बयान
सूचना मिलने पर सिहानी गेट थाना पुलिस पहुंची और वैन में फंसे चालक को बाहर निकाला। घायल चालक ने पुलिस को बताया कि उसे यूटर्न दिखाई नहीं दिया था। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त पिकअप को सड़क से हटाकर यूटर्न के पास खड़ा करा दिया गया।
हालांकि, बुधवार को भी यूटर्न के आसपास यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। वाहनों की आवाजाही बाधित होने से दिनभर जाम जैसी स्थिति बनी रही और वाहन चालकों को रुक-रुककर आगे बढ़ना पड़ा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाई ड्राइवर की जान
हादसे की सूचना मिलते ही सिहानी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पिकअप पलटने के कारण चालक वाहन के अंदर फंस गया था। पुलिसकर्मियों ने उसे बाहर निकाला।
चालक ने बताया कि सड़क पर यूटर्न का अंदाजा नहीं लग पाया था। अचानक सामने आने पर उसने वाहन को मोड़ने और ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।
यदि यूटर्न बिना रिफ्लेक्टर टेप और सूचना बोर्ड लगाए खोला गया है तो इस संबंध में जीडीए को पत्र लिखा जाएगा। ट्रैफिक पुलिस भी यूटर्न का निरीक्षण करेगी। यदि वहां कोई कमी मिलती है तो उसे दूर कराया जाएगा। - गाजियाबाद त्रिगुण बिसेन, डीसीपी ट्रैफिक
यह भी पढ़ें- 430 एनकाउंटर, 14 बदमाश ढेर... चार साल में गाजियाबाद में घटते अपराध का पूरा रिपोर्ट कार्ड
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद स्लो पॉइजन कांड: जेल में बंद पत्नी ने नहीं खोला मुंह, 2 करोड़ के बीमा और प्रॉपर्टी हड़पने की थी साजिश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।