साहिबाबाद: कूड़ा डालने से रोकने पर भाजपा पार्षद के PSO पर उस्तरे से हमला, एक आरोपी गिरफ्तार; तीन फरार
गाजियाबाद के शालीमार गार्डन में कूड़ा डालने के विवाद में भाजपा पार्षद रवि भाटी के पीएसओ दीपक सिंह पर उस्तरे से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

भाजपा पार्षद रवि भाटी के निजी सुरक्षा गार्ड दीपक सिंह। जागरण
HighLights
कूड़ा डालने के विवाद में पीएसओ पर हमला।
भाजपा पार्षद रवि भाटी के पीएसओ घायल।
एक आरोपित गिरफ्तार, रोहिंग्या पर आरोप।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में सोमवार रात कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में चार आरोपितों ने भाजपा पार्षद के पीएसओ पर उस्तरे से हमला कर घायल कर दिया। पीएसओ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर जुटे लोगों ने एक आरोपित को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि अन्य तीन आरोपित फरार हो गए। पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है। मामले में पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पार्षद ने रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों पर दिल्ली का कूड़ा गाजियाबाद में डालने व हमले का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
रिपोर्ट में क्या कहा गया है?
शालीमार गार्डन मेन बी ब्लॉक निवासी दीपक सिंह शालीमार गार्डन के भाजपा पार्षद रवि भाटी के निजी सुरक्षा गार्ड हैं। उन्होंने दर्ज रिपोर्ट में कहा है कि सोमवार रात करीब 10 बजे वह जीजी फार्म हाउस से पार्षद रवि भाटी के आफिस की तरफ आ रहे थे।
इस दौरान कुछ लोग भाटी गेट के पास कूड़ा डाल रहे थे। इसको लेकर उनका कूड़ा डालने वालों से विवाद हो गया। आरोपितों ने गाली-गलौज की, विरोध करने पर एक आरोपित ने उनके पेट पर उस्तरे से कई वार कर दिए। मौके पर एकत्र लोगों ने पुलिस को सूचना दी और एक आरोपित को दबोच लिया।
एसीपी शालीमार गार्डन का बयान
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान गरिमा गार्डन निवासी मोंटी के रूप में हुई है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
वहीं, पार्षद रवि भाटी का आरोप है कि उनके पीएसओ पर हमला करने वाले रोहिंग्या व बांग्लादेशी हैं। क्षेत्र में रोहिंग्या व बांग्लादेशी लंबे समय से रह रहे हैं और अवैध गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। इस संबंध में वह पुलिस से पूर्व में भी शिकायत कर चुके हैं लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
ये लोग दिल्ली से कूड़ा लाकर गाजियाबाद में डालते हैं। वह पिछले पांच दिनों से इसका विरोध कर रहे थे। कूड़ा डालने से रोकने के लिए उन्होंने दीपक को उस स्थान पर तैनात किया था जहां कूड़ा डाला जाता है। इसके चलते ही उनपर हमला किया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।